Bihar Weather:बिहार में गर्मी पर लगेगा ब्रेक, इन इलाकों में बारिश से तापमान में होगी गिरावट, मौसम विभाग का येलो अलर्ट
Bihar Weather: राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादलों की चादर फैली हुई है, और सूरज की किरणें दिनभर लुका-छुपी खेलती नजर आ रही हैं।...
Bihar Weather: अप्रैल महीने की शुरुआत के साथ ही बिहार का मौसम अपने रंग बदलने लगा है। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, पूर्वी बिहार के ऊपर एक सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव महसूस किया जा रहा है। इस वजह से राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादलों की चादर फैली हुई है, और सूरज की किरणें दिनभर लुका-छुपी खेलती नजर आ रही हैं। बुधवार को भी राजधानी पटना और अन्य शहरों में दिनभर धूप और बादलों का मिश्रण देखने को मिला, हालांकि कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई।
मौसम में नमी और हल्की हवाओं ने गर्मी को कुछ हद तक संतुलित रखा। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विभाग ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है, लेकिन धीरे-धीरे तापमान में वृद्धि होगी और गर्मी का असर तेज़ होता जाएगा।
बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, अप्रैल में आंधी-बारिश का दौर सामान्य से अधिक रहेगा। राज्य के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ घंटों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे, और गरज के साथ बिजली कड़क सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या मध्यम बारिश के आसार भी हैं।
इस महीने बिहारवासियों को गर्मी और आंधी दोनों का सामना करना पड़ेगा। घर से बाहर निकलते समय धूप, तेज हवाओं और बिजली से सावधानी रखना आवश्यक है। अप्रैल की शुरुआत में बिहार का मौसम गर्म, आंधी भरी और बादलों से घिरा रह सकता है ।