Bihar Weather: पटना सहित पूरे बिहार में कड़ाके की ठंड! 10 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा, AQI भी खराब

Bihar Weather: बिहार में ठंड का प्रकोप धीरे धीरे बढ़ रहा है। कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से भी नीचे पहुंच चुका है। बढ़ती ठंड से AQI भी खराब हो गई है। जिससे सांस लेने में तकलीफ हो रही है।

ठंड
पूरा बिहार ठंड की चपेट में - फोटो : प्रतीकात्मक

Bihar Weather:  बिहार में लगातार ठंड बढ़ रहा है। रात के तापमान में और दिन के तापमान में भारी अंतर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग की मानें तो जल्द ही कड़ाके की ठंड का सामना लोगों को करना पड़ सकता है। नवंबर में ही जनवरी जैसा ठंड महसूस हो रहा है। कई जिलों का तापमान 10 डिग्री के नीचे जा चुका है। फिलहाल दिन में धूप के कारण अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक रह रहा है।  

आगे कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, नवंबर के शेष दिनों में सुबह-शाम हल्की ठंड का प्रभाव बरकरार रहेगा। तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, लेकिन किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में सुबह और रात के समय ठंड अधिक रहती है, जबकि दिन में तापमान सामान्य से कुछ अधिक रहने की प्रवृत्ति जारी है। यह उतार-चढ़ाव धूप, हवा की गति और स्थानीय नमी पर निर्भर करता है।

पिछले 24 घंटों का मौसम

गुरुवार को दिन का तापमान 26.2°C से 31°C के बीच और रात का तापमान 11.6°C से 18.6°C के बीच दर्ज किया गया। सुबह हल्के कोहरे का असर देखने को मिला, जिससे पूर्णिया में न्यूनतम दृश्यता सिर्फ 800 मीटर रही। बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में भी सुबह और शाम के समय धुंध छाने की संभावना है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से कम बना रह सकता है। रात का तापमान 11°C से 16°C और दिन का तापमान 26°C से 30°C के बीच रहने का अनुमान है।

हवा हुई जहरीली

वहीं ठंड में हवा की क्वालिटी भी खराब हो रही है। शुक्रवार देर रात शहर के कई क्षेत्रों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। सबसे खराब स्थिति एयरपोर्ट इलाके में दर्ज की गई, जहां AQI 237 रहा। वहीं गांधी मैदान के आसपास भी हवा की गुणवत्ता खराब रही और AQI 210 मापा गया। प्रदूषण बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी सहित कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, तापमान में लगातार गिरावट जारी है। पिछले चार से पांच दिनों से रात का न्यूनतम तापमान 11°C के करीब बना हुआ है, जिससे शाम ढलते ही ठंड बढ़ जाती है और लोगों को कनकनी महसूस हो रही है।