Bihar Mausam: बिहार में दिन में छाया अंधेरा, पटना, नवादा, मोतिहारी , बक्सर , बेतिया, खगड़िया समेत कई जिलों में भारी बारिश शुरु

Bihar Mausam: राजधानी पटना में तेज आंधी, गरज और मूसलाधार बारिश हो रही है....

Bihar Weather Turns Wild Heavy Rain Thunderstorm Trigger Pan
पटना समेत कई जिलों में भारी बारिश शुरु- फोटो : reporter

Bihar Mausam: बिहार में मौसम ने अचानक ऐसा करवट लिया कि सुबह होते-होते कई जिलों में दिन के उजाले पर काले बादलों का कब्ज़ा हो गया। राजधानी पटना में तेज आंधी, गरज और मूसलाधार बारिश ने लोगों को हैरत में डाल दिया। आसमान पर छाए स्याह बादलों ने ऐसा मंज़र पैदा किया मानो शाम उतर आई हो। सड़कों पर पानी भर गया, ट्रैफिक की रफ्तार थम गई और लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर पनाह तलाशते दिखे।

नवादा में मौसम बदल गया है तेज हवा के साथ जमकर बारिश हो रही है।

खगड़िया में सुबह-सुबह हुई बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया, जबकि रोहतास, बक्सर और औरंगाबाद में तेज़ हवाओं के साथ बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया। बक्सर में तो काले बादलों की वजह से सुबह में ही अंधेरा छा गया, जिसके बाद तेज बारिश शुरू हो गई। कैमूर, छपरा, जहानाबाद, नालंदा, बगहा, गया जी, गोपालगंज और सीवान समेत कई जिलों में लगातार बारिश और बादलों की गड़गड़ाहट से लोगों में खौफ का माहौल है।-प•चम्पारण जिला में भीषण गर्मी से राहत  मिली  है।यहां भी झमाझम बारिश हो रही है । वही किसानो के चेहरे पर खुशी लौट आई है।

मोतिहारी में भी झमाझम बारिश शुरु हो गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घर से बाहर न निकलें, अगर जरुरत हो तो सावधानी बरतें।

मौसम विभाग ने पूरे बिहार में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बदलाव प्री-मानसून एक्टिविटी का हिस्सा है। बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी बिहार की तरफ बढ़ रही है, जबकि पश्चिमी विक्षोभ और लोकल लो-प्रेशर एरिया ने फिज़ा में बेचैनी पैदा कर दी है। इसी के असर से गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश का सिलसिला शुरू हुआ है।

विशेषज्ञों के मुताबिक मई के आखिरी हफ्ते और जून की शुरुआत में ऐसे मौसम का बनना आम बात है। हालांकि दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक एंट्री अभी बिहार में नहीं हुई है, लेकिन मौसम का मिज़ाज पूरी तरह मानसून जैसा नज़र आने लगा है। दिन में बढ़ती गर्मी और उमस शाम तक तूफानी मौसम में तब्दील हो रही है, जिससे वज्रपात का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

मोतिहारी से हिमांशु, नवादा से अमन, बेतिया से आशीष की रिपोर्ट