Bihar Weather: बिहार के इन 6 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, मौसम विभाग का सख्त चेतावनी जारी, बदला मिजाज

Bihar Weather: बिहार में मौसम का बदलाव जारी है। मौसम विभाग ने 6 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने इसको लेकर सख्त चेतावनी भी चारी की है।

मौसम
6 जिलों के लिए येलो अलर्ट - फोटो : social media

Bihar Weather:  बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों में एक-दो जिलों में बारिश दर्ज की गई। साथ ही कई जिलों में घने कोहरे का असर देखने को मिला। वहीं आज यानी शुक्रवार को भी उत्तर बिहार के कुछ जिलों में कोहरे का असर देखा गया। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने और हल्की पछुआ हवाएं चलने की संभावना है। धूप निकलने से लोगों को ठंड से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

फरवरी में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम सामान्य और साफ बना रहेगा। फरवरी की शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जरूर है, लेकिन फिलहाल किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से ठंड का असर कम होता जाएगा।

आज कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग की मानें तो आज पूरे प्रदेश का मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी में घने कोहरे का असर देखा गया, जबकि अन्य जिलों में हल्का कुहासा रहा। दिन बढ़ने के साथ धूप खिलने की पूरी उम्मीद है। कोहरे को देखते हुए इन छह जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

5 फरवरी तक कोई चेतावनी नहीं 

वहीं, शनिवार से 5 फरवरी तक कोहरा या कोल्ड डे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इस दौरान आसमान साफ और तेज धूप रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 3 फरवरी को भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल में हल्की बारिश की संभावना जताई है। शेष जिलों में मौसम शुष्क और सामान्य बना रहेगा। आने वाले दिनों में राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी का अनुमान है।

पटना का मौसम

राजधानी पटना में मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि बारिश के आसार कम हैं। सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में मौसम सुहावना रहेगा। न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री और अधिकतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम में बदलाव की वजह

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार और आसपास के उत्तरी हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ और नमी-भरी हवाओं का प्रभाव बना हुआ है। इससे वातावरण में नमी बढ़ी है, जो बादलों को लंबे समय तक टिकाए रखती है और कभी-कभी हल्की बारिश को भी प्रेरित करती है। सर्द हवा और ठंडी रातों के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे कोहरा और बादलों का असर देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव सामान्य मौसमी पैटर्न का हिस्सा है और आने वाले दिनों में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगी।