Bihar CM House : बिहार में देश का सबसे बड़ा CM हाउस, 16 बीघा होगा 'लोक सेवक आवास' का क्षेत्रफल, नीतीश से बड़े घर में रहेंगे सम्राट चौधरी

Bihar CM House : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब 16 बीघा (10 एकड़) में फैले विशाल परिसर से सत्ता को चलाएंगे। अब यह देश का सबसे बड़ा सीएम हाउस बन गया है........पढ़िए आगे

Bihar CM House : बिहार में देश का सबसे बड़ा CM हाउस, 16 बीघा
देश का सबसे बड़ा सीएम हाउस - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार की सत्ता के केंद्र '1, अणे मार्ग' की पहचान अब पूरी तरह बदल गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पदभार ग्रहण करने के बाद मंगलवार रात जारी एक आधिकारिक आदेश के तहत इस प्रतिष्ठित आवास का नाम बदलकर अब 'लोक सेवक आवास' कर दिया गया है। सरकार का यह रणनीतिक फैसला सत्ता के प्रतीकों को जनसेवा की भावना से जोड़ने की एक बड़ी कोशिश माना जा रहा है। इससे पहले राजभवन का नाम भी बदलकर 'लोक भवन' किया जा चुका है।

10 एकड़ का विशाल परिसर, तोड़ा छत्तीसगढ़ का रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने 'लकी' माने जाने वाले वर्तमान बंगले '5, देशरत्न मार्ग' को छोड़ने के बजाय इसे मुख्य आवास का ही 'विस्तारित हिस्सा' घोषित कर दिया है। इस विलय के बाद अब मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवासीय परिसर लगभग 10 एकड़ (16 बीघा) में फैल गया है। इस विस्तार के साथ ही बिहार का मुख्यमंत्री आवास अब देश का सबसे बड़ा सीएम हाउस बन गया है। इससे पहले 8 एकड़ के साथ छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री आवास पहले स्थान पर था, जबकि उत्तर प्रदेश का 5, कालिदास मार्ग इसके बाद आता है।

अत्याधुनिक सुविधाओं और हरियाली का संगम

लगभग 6 एकड़ में फैला '1, अणे मार्ग' अपनी भव्यता और प्रशासनिक ढांचे के लिए जाना जाता है। इस परिसर में करीब 25 से 30 कमरे हैं, जिनमें मुख्यमंत्री का निजी आवास, हाई-टेक मीटिंग हॉल, और वीआईपी सुइट्स शामिल हैं। यह पूरा क्षेत्र एक 'ग्रीन जोन' की तरह विकसित है, जहाँ आम और लीची के सैकड़ों पेड़ मौजूद हैं। यहाँ का सुव्यवस्थित ढांचा कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठकों और बड़े सरकारी निर्णयों के लिए पूरी तरह सुसज्जित है।

5, देशरत्न मार्ग बना रणनीतिक केंद्र

मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल रहे सम्राट चौधरी ने अपने पुराने बंगले 5, देशरत्न मार्ग को भी पास ही रखा है, जो करीब 4 एकड़ में फैला है। अब यह बंगला और मुख्य 'लोक सेवक आवास' एक ही परिसर का हिस्सा होंगे। इस रणनीतिक फैसले से मुख्यमंत्री को अपने वर्तमान कार्यस्थल के साथ-साथ मुख्य आधिकारिक निवास की सभी सुविधाएं एक ही विस्तृत परिसर के भीतर मिलेंगी। यहाँ से फिलहाल सरकार का महत्वपूर्ण प्रशासनिक तंत्र संचालित हो रहा है।

जनता दरबार और मीडिया के लिए विशेष व्यवस्था

नए स्वरूप वाले 'लोक सेवक आवास' में आम जनता और पारदिर्शता का विशेष ध्यान रखा गया है। परिसर में 'जनता के दरबार में मुख्यमंत्री' कार्यक्रम के लिए एक बड़ा हॉल बनाया गया है, जहाँ मुख्यमंत्री सीधे आम नागरिकों से मिलकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे। इसके अलावा, मीडिया इंटरैक्शन के लिए अलग से आधुनिक हॉल और अधिकारियों के बैठने के लिए विशेष कार्यालय कक्ष बनाए गए हैं, ताकि राज्य के विकास कार्यों की निगरानी सुचारू रूप से की जा सके।