बिक्रम के लोगों के लिए खुशखबरी! विधायक सिद्धार्थ सौरव के प्रयास से बना 3 मंजिला हाई-टेक अस्पताल, जल्द उद्घाटन
बिक्रम (पटना) में 9.64 करोड़ की लागत से बन रहा अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर डेढ़ महीने में शुरू होने वाला है। विधायक सिद्धार्थ सौरव के प्रयासों से बने इस 3 मंजिला अस्पताल में 10 बेड का ICU, 15 बेड का जनरल वार्ड और आधुनिक OT की सुविधा मिलेगी।
बिहार के बिक्रम विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। क्षेत्र के लोगों को बेहतर आपातकालीन इलाज मुहैया कराने के लिए 9 करोड़ 64 लाख रुपये की भारी-भरकम लागत से अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। स्थानीय विधायक सिद्धार्थ सौरव के विशेष प्रयासों से बन रहा यह तीन मंजिला (G+2) अस्पताल अब अपने अंतिम चरण में है और अगले डेढ़ महीने के भीतर इसके पूरी तरह तैयार होकर चालू होने की उम्मीद है। इस अस्पताल के शुरू होने से बिक्रम और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लाखों लोगों को आपातकालीन चिकित्सा के लिए पटना नहीं भागना पड़ेगा।
10 बेड का आईसीयू और आधुनिक ओटी: एक ही छत के नीचे मिलेंगी सभी विश्वस्तरीय सुविधाएं
9,695 वर्ग फीट के विशाल क्षेत्रफल में बन रहा यह ट्रॉमा सेंटर नेशनल बिल्डिंग कोड और आईपीएचएस (IPHS) मानकों के तहत तैयार किया जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से इसमें आधुनिक फायर फाइटिंग एवं फायर अलार्म सिस्टम लगाए गए हैं। मरीजों की सुविधा के लिए इस अस्पताल में 15 बेड का जनरल वार्ड, 10 बेड का हाई-टेक आईसीयू (ICU), एक आधुनिक ऑपरेशन थिएटर (OT) और सीधे बेड तक ऑक्सीजन पहुंचाने वाली मेडिकल गैस पाइपलाइन प्रणाली जैसी जीवन रक्षक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

नहर मार्ग पर असपुरा के पास मिली एक एकड़ जमीन, विधायक की मांग पर पूरी हुई घोषणा
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जल संसाधन विभाग ने औरंगाबाद-पटना नहर मार्ग पर असपुरा के पास अपनी एक एकड़ जमीन स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित की थी। दरअसल, बिक्रम के एक स्थानीय कार्यक्रम के दौरान विधायक सिद्धार्थ सौरव ने क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर की पुरजोर मांग की थी। इस मांग पर त्वरित एक्शन लेते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दो महीने के भीतर जमीन उपलब्ध कराकर शिलान्यास कराने का वादा किया था, जिसे रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया।

तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने किया था शिलान्यास, डेढ़ महीने में जनता को समर्पित होगा अस्पताल
जमीन मिलते ही 29 जुलाई 2025 को तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय द्वारा इस अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर का शिलान्यास किया गया था। निर्माण कार्य बेहद तेज गति से चलने के कारण अब यह परियोजना उद्घाटन के बेहद करीब पहुंच चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क हादसों और आपातकालीन स्थितियों में समय पर इलाज न मिलने से कई जानें चली जाती थीं, लेकिन अब इस ट्रॉमा सेंटर के चालू होने से बिक्रम, दुल्हिनबाजार, पालीगंज सहित कई क्षेत्रों के लोगों को नया जीवनदान मिलेगा। वहीं फिलहाल दतियाना ग्राम में 7.96 करोड़ की लागत से बना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अस्पताल में ओपीडी (OPD), आपातकालीन चिकित्सा, तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जैसी सभी मूलभूत और उन्नत स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं।
रिपोर्ट - ऋषिकेश