पटना के बिक्रम में दर्दनाक हादसा: जीजा को कॉल करने के बाद पेड़ से लटकता मिला युवक का शव

पटना के बिक्रम थाना क्षेत्र में तिमुहानी स्थित बालाजी मंदिर के पास 20 वर्षीय बिट्टू कुमार का शव पेड़ से लटका मिला। शनिवार शाम से लापता युवक ने घटना से पहले परिजनों को कॉल किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

bikram patna youth body found hanging
बिक्रम में पेड़ से लटका मिला 20 वर्षीय युवक का शव, परिजनों में मचा कोहराम- फोटो : Reporter

पटना जिले के  बिक्रम थाना क्षेत्र के तिमुहानी स्थित बालाजी मंदिर के पास एक 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान जानीपुर थाना क्षेत्र के महंगूपुर निवासी मुकेश प्रसाद के पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है। बिट्टू पेशे से राजमिस्त्री के साथ मजदूरी का काम करता था। सुबह करीब 7 बजे जब स्थानीय लोगों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, तो मौके पर देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।


शनिवार शाम से लापता था युवक, परिजनों ने की थी तलाश

 मृतक के पिता मुकेश प्रसाद ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उनका बेटा शनिवार शाम से ही घर से लापता था। देर रात तक जब वह काम से वापस नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। परिजनों का कहना है कि बिट्टू किसी स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण डॉक्टर की सलाह पर नियमित रूप से दवाइयां भी ले रहा था।


घटना से ठीक पहले परिजनों और दोस्त को किया था कॉल

 घटनाक्रम में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। घटना से कुछ समय पहले बिट्टू ने अपने एक दोस्त को फोन करके बताया था कि वह बिक्रम के जंगल वाले इलाके में मौजूद है। इसके अलावा रविवार सुबह उसने अपने जीजा को भी कॉल कर कहा था कि वह बिक्रम के तिमुहानी स्थित बालाजी मंदिर के पास है और जितनी जल्दी हो सके वहां पहुंच जाएं। इस सूचना के तुरंत बाद परिजन मौके की ओर रवाना हुए थे।


पुलिस ने शुरू की मामले की जांच, आत्महत्या की आशंका

घटना की सूचना मिलते ही बिक्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। बिक्रम थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के परिजनों और दोस्तों से गहन पूछताछ की है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट