Bikram Patna News: बिक्रम में दुर्गा पूजा पर पुलिस की सख्त गाइडलाइंस,पालीगंज SDPO की चेतावनी हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

पालीगंज SDPO-2 और थानाध्यक्ष की मौजूदगी में लिए गए कई बड़े फैसले। तेज आवाज में डीजे और अश्लील गानों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, सभी पूजा पंडालों में CCTV लगाना होगा अनिवार्य।हुड़दंगियों और अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

Bikram police station durga puja peace committee meeting
पालीगंज SDPO-2 और थानाध्यक्ष की मौजूदगी में बिक्रम थाना शांति समिति बैठक- फोटो : Reporter

पटना जिले के बिक्रम थाना परिसर में शनिवार को आने वाले दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने की, जबकि मंच संचालन अपर थानाध्यक्ष बरुण कुमार द्वारा किया गया। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।



बेहतर समन्वय और आपसी भाईचारे पर जोर

बैठक में उपस्थित पालीगंज एसडीपीओ-2 पंकज कुमार शर्मा, सर्किल इंस्पेक्टर चंद्रिका प्रसाद, बीडीओ पंकज कुमार और अंचलाधिकारी (CO) मयंक शेखर सहित अन्य अधिकारियों ने दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन, पूजा समितियों और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय होना बेहद जरूरी है। सभी से आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रखने की अपील की गई।



डीजे पर प्रतिबंध और सीसीटीवी अनिवार्य

प्रशासन ने बैठक में सुरक्षा और नियमों को लेकर सख्त गाइडलाइंस जारी की है। दुर्गा पूजा के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने और अश्लील गीतों के प्रसारण पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा लगाना अनिवार्य किया गया है। पूजा समितियों को पंडाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।



अफवाहों से बचें, हुड़दंगियों पर होगी कानूनी कार्रवाई: SDPO

एसडीपीओ-2 पंकज कुमार शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कहीं भी कोई असामाजिक तत्व या हुड़दंग करने वाला व्यक्ति दिखाई देता है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं थानाध्यक्ष सोनू कुमार ने सभी क्षेत्रवासियों से मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने का आह्वान किया।



प्रशासन और जनता के सहयोग से सफल होगा आयोजन

अंत में प्रशासन और शांति समिति के सदस्यों ने मिलकर यह संकल्प लिया कि बिक्रम क्षेत्र में इस बार का दुर्गा पूजा का त्योहार पूरी तरह से शांति, सुरक्षा और भाईचारे के माहौल में मचेगा। पुलिस की पैनी नजर और जनता के सक्रिय सहयोग से किसी भी असामाजिक तत्व को त्योहार का माहौल बिगाड़ने का मौका नहीं मिलेगा। प्रशासन की ओर से सभी पूजा समितियों को हरसंभव प्रशासनिक मदद का भरोसा भी दिलाया गया।

बिक्रम से ऋषिकेश की रिपोर्ट