Patna Zoo: पटना में बर्ड फ्लू का साया! संजय गांधी जैविक उद्यान में हाई अलर्ट, 24 घंटे निगरानी

Patna Zoo: पटना का मशहूर संजय गांधी जैविक उद्यान इन दिनों बर्ड फ्लू के खतरे को लेकर पूरी तरह चौकन्ना है। ....

Bird flu looms large in Patna
पटना में बर्ड फ्लू का साया!- फोटो : social Media

Patna Zoo: पटना का मशहूर संजय गांधी जैविक उद्यान इन दिनों बर्ड फ्लू के खतरे को लेकर पूरी तरह चौकन्ना है। हुकूमत की सख़्त हिदायतों के बाद जू प्रशासन ने एहतियाती कदमों का ऐसा किला बंदोबस्त किया है कि परिंदों तक किसी भी तरह का इंफेक्शन पहुंचना नामुमकिन सा हो जाए।

पटना जू के पक्षी घर में दुनिया के मुख्तलिफ़ कोनों से आए नायाब और खूबसूरत परिंदों के लिए खास इंतेज़ामात किए गए हैं। बर्ड फ्लू की आहट को देखते हुए 24 घंटे केयर टेकर की तैनाती कर दी गई है, जो एवियरी की हर हरकत पर पैनी नजर रख रहे हैं। हर पंख की फड़फड़ाहट पर प्रशासन की निगाह है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को फौरन काबू में लिया जा सके।

जू के निदेशक हेमंत पाटिल ने तफसील से बताया कि एहतियात के तौर पर प्रवेश द्वार पर ही सभी आगंतुकों का पोटाशियम परमैगनेट से फूट वॉश कराया जा रहा है। मकसद साफ है बाहर से आने वाला कोई भी वायरस या जरासीम परिंदों तक न पहुंचे।

वहीं रेंज ऑफिसर अरविंद वर्मा ने कहा कि पूरे उद्यान को रोजाना कोर्सोलिन और वीरकॉन-डी जैसे कीटाणुनाशक पदार्थों से सैनिटाइज किया जा रहा है। सफाई और हिफाज़त का ऐसा निज़ाम कायम किया गया है कि बर्ड फ्लू जैसी बीमारी परिंदों को छू भी न सके।

इधर, हाल ही में राजगीर जू सफारी से दो मादा शेरनियों को पटना लाया गया है, जबकि पटना जू की मादा शेरनी पार्वती को राजगीर भेजा गया है। ऐसे में सुरक्षा और निगरानी को और भी सख्त कर दिया गया है।साफ है पटना जू में सतर्कता का सियासी और प्रशासनिक इम्तिहान जारी है, और परिंदों की सलामती सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।