रक्षाबंधन पर BSRTC की बड़ी सौगात, 2 दिन महिलाओं और छात्राओं के लिए फ्री बस सेवा
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने रक्षाबंधन के मौके पर राज्य की महिलाओं और छात्राओं को एक बड़ी सौगात दी है। इस रक्षाबंधन पर 2 दिनों तक महिलाएं BSRTC की बसों में पूरी तरह से निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी....
Patna : रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने राज्य की महिलाओं और छात्राओं को एक बड़ी सौगात दी है। निगम द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, इस रक्षाबंधन पर 2 दिनों तक महिलाएं BSRTC की बसों में पूरी तरह से निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। फुलवारीशरीफ, पटना प्रशासन मुख्यालय द्वारा जारी पत्रांक-3312 (दिनांक 25.08.2026) के तहत यह निर्णय लिया गया है।
27 और 28 अगस्त को मिलेगा निःशुल्क यात्रा का लाभ
निगम की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, 27 अगस्त और 28 अगस्त 2026 को दो दिनों तक राज्य की महिलाओं और छात्राओं के लिए निगम की बसों में सफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा। त्योहार के दौरान अपनी बहनों और परिजनों से मिलने जाने वाली महिलाओं को सहूलियत देने और उनकी यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
राज्य के सभी 6 क्षेत्रीय मंडलों और 19 डिपो में व्यवस्था लागू
निगम द्वारा संचालित 06 प्रमुख क्षेत्रीय कार्यालयों—पटना, गयाजी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर और पूर्णिया के अधीन आने वाले सभी 19 प्रतिष्ठानों (डिपो) से चलने वाली बसों में यह छूट प्रभावी रहेगी। शहर के भीतर चलने वाली नगर बस सेवाओं के साथ-साथ अंतर-जिला मार्गों पर चलने वाली बसों में भी महिलाएं बिना किसी किराए के सफर कर सकेंगी।
किराया न लेने के लिए क्षेत्रीय प्रबंधकों को सख्त निर्देश
इस आदेश के निर्बाध क्रियान्वयन के लिए निगम के सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों और डिपो प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दे दिए गए हैं। प्रशासन ने हिदायत दी है कि 27 और 28 अगस्त को यात्रा करने वाली किसी भी महिला या छात्रा यात्री से किसी भी प्रकार का टिकट शुल्क न वसूला जाए। साथ ही, त्योहार के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए बस अड्डों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
धीरज पराशर की रिपोर्ट