Bihar Bullet Train Corridor: बुलेट ट्रेन की रफ्तार तेज, पटना होकर सिलीगुड़ी तक इस दिन से दौड़ेगी हाई-स्पीड रेल

Bihar Bullet Train Corridor: दिल्ली से वाराणसी होते हुए पटना और फिर सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को जमीन पर उतारने की कवायद अब तेज हो गई है।...

Bullet Train Corridor via Patna Moves Closer to Reality
बुलेट ट्रेन की रफ्तार तेज- फोटो : social Media

Bihar  Bullet Train Corridor: दिल्ली से वाराणसी होते हुए पटना और फिर सिलीगुड़ी तक प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को जमीन पर उतारने की कवायद अब तेज हो गई है। करीब 865 किलोमीटर लंबे इस महत्वाकांक्षी बुलेट ट्रेन कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड  की ओर से रेल मंत्रालय को सौंप दी गई है।विस्तृत परियोजना रिपोर्ट जमा होने के बाद अब परियोजना को रफ्तार देने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड  ने वरिष्ठ टेक्नोक्रैट्स और अनुभवी अधिकारियों की नियुक्ति की कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए भारतीय रेलवे के पात्र वरिष्ठ अधिकारियों से आवेदन मांगे गए हैं। अधिकारियों की नियुक्ति प्रतिनियुक्ति के आधार पर की जाएगी और पूरी प्रक्रिया करीब 30 दिनों में पूरी किए जाने की तैयारी है।

जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को दो अधिसूचनाएं जारी की गईं। इनके तहत तीन ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी  और तीन अतिरिक्त महाप्रबंधक स्तर के अधिकारियों की नियुक्ति प्रस्तावित है। इन अधिकारियों को परियोजना से जुड़े अहम संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी दी जाएगी।

प्रस्तावित अधिकारियों की तैनाती दिल्ली, वाराणसी, पटना, नोएडा-नई दिल्ली, आगरा और लखनऊ जैसे प्रमुख शहरों में की जाएगी। पटना के लिए यह परियोजना खास तौर पर अहम मानी जा रही है, क्योंकि हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के जरिए बिहार की राजधानी देश के प्रमुख आर्थिक और औद्योगिक केंद्रों से तेज रफ्तार रेल संपर्क से जुड़ सकेगी।

विस्तृत परियोजना रिपोर्ट  के बाद अब प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर तैयारियां तेज होना इस बात का संकेत है कि परियोजना को अगले चरण में ले जाने की कवायद शुरू हो चुकी है। आने वाले दिनों में अधिकारियों की नियुक्ति के साथ कॉरिडोर से जुड़े विभिन्न तकनीकी और परिचालन पहलुओं पर काम और तेज होने की उम्मीद है।