बक्सर के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: आधुनिक स्टेशन और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के लिए DPR तैयार, मिलेगी एयरपोर्ट जैसी सुविधा

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 130 करोड़ की लागत से बक्सर रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होगा। एयरपोर्ट जैसे लुक और वर्ल्ड-क्लास सुविधाओं के साथ यह स्टेशन क्षेत्र के विकास का नया केंद्र बनेगा।

बक्सर के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: आधुनिक स्टेशन और शॉपिं

Buxar - अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बक्सर रेलवे स्टेशन की सूरत पूरी तरह बदलने वाली है। 130 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तैयार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को रेलवे बोर्ड की अंतिम मंजूरी का इंतज़ार है। इस महायोजना के पूरा होते ही बक्सर स्टेशन किसी आधुनिक एयरपोर्ट की तरह नजर आएगा, जिससे बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के लाखों यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। 

एयरपोर्ट जैसा लुक और सांस्कृतिक विरासत का संगम

प्रस्तावित डीपीआर के अनुसार, बक्सर रेलवे स्टेशन के नए भवन को आधुनिकता और परंपरा के मेल से तैयार किया जाएगा। स्टेशन की नई बिल्डिंग न केवल आकर्षक होगी, बल्कि इसमें बक्सर की महान सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की झलक भी दिखाई देगी। यात्रियों के लिए 'सिटी सेंटर' जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिसमें वर्ल्ड-क्लास वेटिंग हॉल, चौड़े फुट ओवरब्रिज और अत्याधुनिक सुरक्षा तंत्र शामिल होगा। 

रघुनाथपुर से दिलदारनगर तक के यात्रियों को लाभ

बक्सर स्टेशन के कायाकल्प का सीधा फायदा आसपास के रघुनाथपुर, डुमरांव, चौसा और दिलदारनगर के यात्रियों को भी मिलेगा। इन स्टेशनों को पहले से ही अमृत भारत योजना में शामिल किया जा चुका है। इसके साथ ही, भदौरा-गहमर के बीच रेल लाइन को गाजीपुर से जोड़ने की भी योजना है, जिससे बक्सर का सीधा जुड़ाव उत्तर प्रदेश के गंगा पार वाले इलाकों से हो जाएगा, जो व्यापार और पर्यटन के लिए मील का पत्थर साबित होगा। 

रेलवे की खाली जमीन बनेगी विकास का आधार

बक्सर स्टेशन के पास रेलवे की प्रचुर मात्रा में खाली जमीन उपलब्ध होना इस परियोजना का सबसे बड़ा 'प्लस पॉइंट' है। उत्तर में रेलवे गुमटी से लेकर दक्षिण में नोखा मिल और पश्चिम में पांडेयपट्टी तक फैली इस भूमि पर भविष्य में फूड कोर्ट, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और बजट होटल बनाने की योजना है। इससे न केवल रेलवे का राजस्व बढ़ेगा, बल्कि विशाल पार्किंग एरिया विकसित होने से स्टेशन के बाहर लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिलेगी। 

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई उड़ान

धार्मिक और ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण 'विश्वामित्र की नगरी' और श्रीराम सर्किट का हिस्सा होने के कारण बक्सर में पर्यटकों का भारी दबाव रहता है। स्टेशन के आधुनिकीकरण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के हजारों नए अवसर पैदा होंगे। स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों और अत्याधुनिक कंट्रोल रूम की स्थापना से सुरक्षा व्यवस्था भी अभेद्य हो जाएगी।