कोयला पर पकाना होगा खाना, रसोई गैस किल्लत के बीच बिहार सरकार का बड़ा आदेश, PDS दुकानों से ऐसे होगी आपूर्ति
रसोई गैस आपूर्ति के संभावित संकट के बीच बिहार सरकार ने एक बड़ा आदेश जारी करते हुए PDS के माध्यम से कोयला आपूर्ति करने का फैसला लिया है.
LPG : रसोई गैस को लेकर चल रहे किल्लत के बीच बिहार सरकार ने राज्य के गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। खाद एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि अब जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों के माध्यम से “कुकिंग कोयला (Cooking Coal)” की आपूर्ति और वितरण किया जाएगा।
विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे रसोई गैस (LPG) की उपलब्धता और कीमतों पर असर पड़ा है। इसी स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने खाना पकाने के लिए वैकल्पिक ईंधन के रूप में कोयले की आपूर्ति का निर्णय लिया है।
किन्हें मिलेगा लाभ?
इस योजना का लाभ राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत आने वाले लाभुकों को मिलेगा। इसमें अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH) श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं। इन परिवारों को किफायती दर पर कुकिंग कोयला उपलब्ध कराया जाएगा।
जारी किए गए निर्देश
खाद विभाग ने सभी जिलाधिकारियों, परिवहन विभाग और खान एवं भूतत्व विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही बिहार राज्य खनन निगम लिमिटेड (BSMCL) को भी आपूर्ति और समन्वय के लिए कहा गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी राशन दुकानदारों को कुकिंग कोयले का आवंटन और वितरण सुनिश्चित करना होगा। इसके साथ ही वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
सस्ती और सुलभ ईंधन सुविधा
सरकार का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य गरीब परिवारों को सस्ती और सुलभ ईंधन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि गैस की कमी के बीच उन्हें खाना बनाने में परेशानी न हो। सरकार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि इस व्यवस्था को जल्द से जल्द प्रभावी तरीके से लागू किया जाए, ताकि आम लोगों को इसका लाभ मिल सके।