Bihar Politics: 'बिहार विधानसभा चुनाव में अपार सफलता के बाद'.. कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह के बेटे ने प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष पर कसा तंज

Bihar Politics: कांग्रेस सांसद अखिलेश सिंह के बेटे आकाश प्रसाद सिंह ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। आकाश ने अपने पार्टी के प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष की तस्वीरों को साझा कर उनपर तंज कसा है। इससे सियासी पारा हाई हो गया है।

आकाश सिंह
आकाश सिंह का तंज - फोटो : social media

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव की अपार सफलता के बाद जब प्रभारी जी पहली बार पटना पहुंचे तो अध्यक्ष और प्रभारी ने एयरपोर्ट पर एक दूसरे का स्वागत किया....ये कहना किसी और का नहीं बल्कि कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह के बेटे आकाश प्रसाद सिंह का है। आकाश लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस के टिकट से महाराजगंज लोकसभा सीट से चुनाव में खड़े थे लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था। वहीं अब आकाश सिंह ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आकाश ने इसके साथ ही कुछ तस्वीरें भी साझा की है जो एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष का है।

आकाश सिंह का तंज 

दरअसल, बीते दिन कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु पटना पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम पटना एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे। इस दौरान अधिक भीड़ नहीं देखी गई। प्रदेश प्रभारी का स्वागत करने प्रदेश अध्यक्ष पहुंचे थे। आकाश प्रसाद ने दोनों की तस्वीरों को साझा कर तंज कसा है। बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस करीब 67 सीटों पर चुनाव लड़ी लेकिन उसे मात्र 6 सीटों पर सफलता मिली। 

शर्मनाक हार के बाद पार्टी में विवाद

कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस शर्मनाक हार का जिम्मेदार प्रदेस प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष को ठहरा। पार्टी नेताओं ने कांग्रेस कार्यालय में धरना प्रदर्शन भी दिया था और आलाकमान से मांग की थी कि वो इन दोनों नेताओं को पद से हटाए। लेकिन आलाकमान ने प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष पर भरोसा जताया है। वहीं अब जब कृष्णा अल्लावरु पटना एयरपोर्ट पहुंचे तो उनके स्वागत के लिए कांग्रेस के कोई नेता या कार्यकर्ता नहीं पहुंचे। मौके पर केवल प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष प्रदेश प्रभारी का स्वागत करते नजर आए। 

प्रदेश प्रभारी और अध्यक्ष पर साधा निशाना 

वहीं अब उनकी तस्वारों को साझा कर राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह के पुत्र आकाश सिंह ने कटाक्ष किया है। उन्होंने तस्वीरों का साझा कर लिखा कि,"बिहार विधानसभा चुनाव की अपार सफलता के बाद जब प्रभारी जी पहली बार पटना पहुँचे तो अध्यक्ष और प्रभारी ने एयरपोर्ट पर एक दूसरे का स्वागत किया।" आकाश सिंह के इस ट्विट से सियासत गरमा गई है। आकाश सिंह ने अब सार्वजनिक रुप से पार्टी के इन दोनों नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 

विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार  

गौरतलब हो कि, कांग्रेस को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मिली करारी हार के बाद से ही पार्टी में असंतोष देखने को मिल रहा है। वहीं 6 विधायकों की टूटने की खबर भी लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। कई विधायक पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। इसी बीच आलाकमान ने सभी 6 विधायकों को दिल्ली तलब किया है। 23 जनवरी को सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया गया है। जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी सभी विधायकों ने वन-टू-वन बातचीत कर उनकी परेशानी को समझने की कोशिश करेंगे। अब देखने होगा कि कांग्रेस पार्टी में आगे क्या होता है?