Bihar News : पटना के मसौढ़ी में अपराधियों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग, प्रभारी SHO राहुल कुमार के पैर में लगी गोली, इलाज के लिए पटना रेफर
Bihar News : मसौढ़ी में छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस अचानक हुए हमले में मसौढ़ी थाना के प्रभारी एसएचओ राहुल कुमार के पैर में गोली लग गई....पढ़िए आगे
PATNA : पटना के ग्रामीण इलाके मसौढ़ी थाना क्षेत्र के मनीचक के समीप से एक बड़ी और दुस्साहसिक वारदात सामने आ रही है। शुक्रवार की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस अचानक हुए हमले में मसौढ़ी थाना के प्रभारी एसएचओ (SHO) राहुल कुमार के पैर में गोली लग गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घायल थाना प्रभारी को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है।
गुप्त सूचना पर छापेमारी करने पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर शाम मसौढ़ी पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी कि मनीचक के समीप कुछ संदिग्ध किस्म के अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से जमा हुए हैं। इस सूचना का सत्यापन और कार्रवाई करने के लिए प्रभारी एसएचओ राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी को आते देख वहाँ मौजूद अपराधियों में भगदड़ मच गई।
घिरता देख अपराधियों ने शुरू की फायरिंग, प्रभारी एसएचओ घायल
खुद को पुलिस से घिरता देख अपराधियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए सीधे फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली प्रभारी एसएचओ राहुल कुमार के पैर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस के जवान घायल एसएचओ को तुरंत लेकर अनुमंडल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
एक संदिग्ध हिरासत में, कई थानों की पुलिस कर रही छापेमारी
इस दुस्साहसिक घटना के बाद पटना पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है, जिससे गुप्त स्थान पर रखकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। वहीं, फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए मसौढ़ी थाना क्षेत्र में कई अन्य थानों की पुलिस बल को बुला लिया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें मनीचक और उसके आस-पास के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि हमले में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुजीत की रिपोर्ट