Emergency Landing: स्पाइसजेट विमान का इंजन फेल, एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, 150 यात्रियों की अटकी सांसें

Emergency Landing: राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्पाइसजेट के एक विमान का हवा में ही इंजन फेल हो गया। विमान में सवार 150 यात्रियों की सांसें तब अटक गईं जब प्लेन आसमान में हिचकोले खाने लगा।

स्पाइसजेट विमान
स्पाइसजेट विमान का इंजन फेल- फोटो : social media

Emergency Landing:  स्पाइसजेट की विमान को अचानक इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। विमान में 150 यात्री सवार थे। जानकारी अनुसार दिल्ली से लेह जा रहे स्पाइसजेट के एक बोइंग 737 विमान की मंगलवार को आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी सामने आने पर पायलटों ने एहतियातन विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया। 

हवा में विमान का इंजन फेल 

विमान में करीब 150 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, इंजन नंबर-2 में खराबी आने की वजह से इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। फ्लाइट SG121 ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से टेकऑफ किया था। टेकऑफ के तुरंत बाद क्रू मेंबर्स को तकनीकी समस्या का संकेत मिला, जिसके बाद सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को वापस दिल्ली लाया गया।

विमान की इमरजेंसी लैंडिंग

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी कारणों से फ्लाइट को वापस बुलाया गया और सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। कॉकपिट में किसी प्रकार की फायर वार्निंग का संकेत नहीं मिला। लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। एयरपोर्ट पर फायर सर्विस, मेडिकल टीम और सुरक्षा एजेंसियां एहतियातन मौजूद रहीं। यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है।

हाल की अन्य घटनाएं

हाल के महीनों में विमानों को लेकर कुछ अन्य घटनाएं भी सामने आई थीं। 14 फरवरी को डिब्रूगढ़ से कोलकाता जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम की धमकी मिलने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। इसी तरह पिछले साल 2 दिसंबर को कुवैत से हैदराबाद आ रही इंडिगो फ्लाइट को मुंबई में उतारा गया था, जहां ईमेल से मिली बम की चेतावनी बाद में फर्जी निकली। वहीं 12 नवंबर को एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-वाराणसी फ्लाइट के टॉयलेट में ‘बम’ लिखे कागज मिलने के बाद वाराणसी में आपात लैंडिंग कराई गई थी। बाद में वह भी फर्जी अलर्ट साबित हुआ।