Patna Accident: पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर रफ्तार का कहर, देवघर से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अंडरपास से टकराई, मां-बेटे की मौत

Patna Accident:प टना-बख्तियारपुर फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में देवघर से पूजा-अर्चना कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।...

Deoghar Return Turns Tragic Mother Son Die in NH 31 Crash
पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर रफ्तार का कहर- फोटो : reporter

Patna Accident: राजधानी पटना के आसपास रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार तड़के पटना-बख्तियारपुर फोरलेन पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में देवघर से पूजा-अर्चना कर लौट रहे उत्तर प्रदेश के एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। तेज रफ्तार कार अंडरपास की दीवार से जा टकराई, जिससे मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के फाजिलनगर थाना क्षेत्र स्थित गराहिया गांव का परिवार बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन-पूजन के बाद कार से घर लौट रहा था। मंगलवार सुबह करीब 3:45 बजे एनएच-31 पर बख्तियारपुर से लगभग पांच किलोमीटर पश्चिम होटल महाविहार के समीप कार अचानक अनियंत्रित हो गई और अंडरपास की मजबूत दीवार से भीषण टक्कर मार बैठी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में फूलमती देवी (52 वर्ष) और उनके पुत्र उपेंद्र सिंह (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मां-बेटे थे। वहीं उपेंद्र की पत्नी निक्की देवी, बच्चे काजल और वीर, रेणु देवी, रुक्मिणी देवी, तीन वर्षीय पायल, संजना सिंह तथा चालक एजाज सिद्दीकी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल निक्की देवी ने बताया कि सफर के दौरान परिवार के लोग चालक को आराम करने की सलाह दे रहे थे, लेकिन उसने गाड़ी चलाते रहने की बात कही। आशंका है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिसके बाद कार बेकाबू होकर सीधे अंडरपास की दीवार में घुस गई। पुलिस भी प्रारंभिक जांच में चालक की झपकी को हादसे की बड़ी वजह मान रही है।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के एनएमसीएच रेफर कर दिया गया। उधर बख्तियारपुर थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लंबी दूरी की यात्रा में थकान और नींद को नजरअंदाज करना जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।

बाढ़ से रविशंकर कुमार की रिपोर्ट