Bihar Police : बिहार पुलिस को DGP का अल्टीमेटम, अब थानों में दलालों की एंट्री पर रोक, ऑन ड्यूटी देखी रील्स तो उतर जाएगी वर्दी

Bihar Police : बिहार पुलिस को डीजीपी विनय कुमार ने सख्त चेतावनी दे दी है। उन्होंने थानों में दलालों की एंट्री पर सख्त रोक लगा दी है। साथ ही ऑन ड्यूटी मोबाइल चलाने, चैटिंग करने या रील्स देखते पकड़े जाने पर पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

DGP
विनय कुमार का अल्टीमेटम - फोटो : social media

Bihar Police : बिहार पुलिस को DGP का अल्टीमेटम, थाने में अब दलालों की एंट्री बंद, ऑन ड्यूटी देखी रील्स तो उतर जाएगी वर्दी पुलिस महकमे की छवि सुधारने के लिए अब तक का सबसे कड़ा रुख अख्तियार किया है। डीजीपी ने स्पष्ट कर दिया है कि ऑन-ड्यूटी मोबाइल पर रील्स देखना, थानों में दलालों का हस्तक्षेप और आम जनता पर बेवजह की दबंगई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नए निर्देशों के अनुसार, अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर न केवल विभागीय कार्रवाई होगी, बल्कि उन्हें सस्पेंड भी किया जा सकता है। इस आदेश के बाद पूरे पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है।

डीजीपी की सख्त चेतावनी 

दरअसल, हाल ही में कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें फील्ड में पुलिसकर्मियों की दबंगई देखने को मिली है। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार के वीडियो और तस्वीरें वायरल हुईं। इन घटनाओं से पुलिस की छवि पर असर पड़ा, जिसके बाद पुलिस मुख्यालय ने निलंबन से लेकर लाइन हाजिर तक की कार्रवाई कर सख्त संदेश दिया है।

दुर्व्यवहार बर्दाश्चत नहीं  

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने साफ कहा है कि किसी भी स्तर पर दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल निलंबन और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आम जनता का विश्वास बनाए रखने और पुलिसकर्मियों के व्यवहार में सुधार लाने के लिए मुख्यालय की ओर से कई निर्देश भी जारी किए गए हैं।

दलालों की एंट्री पर रोक 

इसके तहत थानों में दलालों की एंट्री पर रोक के लिए विजिटर रजिस्टर में आगंतुकों का ब्योरा दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। वहीं ड्यूटी के दौरान अनावश्यक मोबाइल इस्तेमाल पर भी रोक लगाई गई है। अक्सर जवानों और अफसरों के ड्यूटी के वक्त मोबाइल पर रील देखने या चैटिंग करने की शिकायतें मिलती रही हैं। सभी पुलिसकर्मियों को सरकारी नंबर की व्हाट्सएप डीपी में वर्दी वाली फोटो लगाने का भी निर्देश दिया गया है।

इन मामलों में हुई कार्रवाई

नालंदा में गिरफ्तारी के दौरान थरथरी थानाध्यक्ष द्वारा आंगनबाड़ी सेविका का बाल खींचने और थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल हुआ। जांच के बाद एसपी भरत सोनी ने थानाध्यक्ष के निलंबन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं पटना के बिहटा में रास्ता विवाद सुलझाने के दौरान महिला दारोगा श्वेता कुमारी द्वारा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया। अनुशासनहीनता के आरोप में उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया। पटना में नीट छात्रा मामले में शुरुआती जांच में लापरवाही बरतने पर चित्रगुप्त नगर थाना प्रभारी रोशनी कुमारी और कदमकुआं के अपर थानाध्यक्ष हेमंत झा को निलंबित कर दिया गया।

इनको किया गया निलंबित 

सारण में पुलिस केंद्र में तैनात पीटीसी जवान कन्हैया तिवारी पर नशे में महिला परिचारी से दुर्व्यवहार का आरोप लगा। ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट के बाद उन्हें हिरासत में लेकर निलंबित कर दिया गया। दरभंगा में गलत दिशा में घुसी कार के चालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया, जिसका वीडियो कार में बैठी महिला डॉक्टर ने रिकॉर्ड किया। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार की घटनाओं पर आगे भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।