Holi 2026: होली में भूलकर भी ना खाएं चिकन चावल! पटना में 6000 मुर्गियां जमीन में दफन, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

Holi 2026: राजधानी पटना में 'बर्ड फ्लू' ने दस्तक दे दी है! प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है, दुकानों पर ताले लटक गए हैं और चिकन की गाड़ियों के पहिए थम गए हैं। आखिर क्यों इस होली आपको अपनी 'फेवरेट मुर्गा पार्टी' कैंसिल करनी पड़ सकती है?

चिकन चावल
होली में ना खाएं चिकन चावल- फोटो : social media

Holi 2026: होली का त्योहार हो और शहर की गलियों में 'मुर्गा-चावल' की खुशबू न आए, ऐसा भला कैसे हो सकता है? लेकिन इस बार कहानी बदल गई है। पटना के आसमान में मंडराते खतरे ने आपके किचन का बजट और जायका दोनों बिगाड़ दिया है। जहाँ एक तरफ होली के रंगों की तैयारी हो रही थी, वहीं दूसरी तरफ चितकोहरा के पोल्ट्री फार्म में 6000 मुर्गियों को दफन किया जा रहा है।

होली में भूल जाइए मुर्गा-चावल 

दरअसल, होली के उल्लास के बीच राजधानी पटना से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। चितकोहरा स्थित कौशल नगर के सरकारी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू (H5N1) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने शहर में हड़कंप मच गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं।

6000 मुर्गियों को किया गया दफन

बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पोल्ट्री अनुसंधान केंद्र में जांच के दौरान लगभग 6000 मुर्गियों में संक्रमण पाया गया। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए, विशेषज्ञों की निगरानी में सभी संक्रमित मुर्गियों को वैज्ञानिक तरीके से जमीन में दफना दिया गया है। पूरे परिसर को सैनिटाइज कर बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

कौशल नगर बना इन्फेक्शन जोन

कौशल नगर इलाके को इन्फेक्शन जोन घोषित किया गया है। अंडे, मुर्गी और चारे के आवागमन पर तत्काल रोक लगा दी गई है। पटना क्षेत्र में बाहर से मुर्गियां लाने और यहां से अन्य जिलों में भेजने पर प्रतिबंध लगाया गया है। अगले कुछ महीनों तक स्थानीय मुर्गी पालन गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

प्रशासन ने जारी तिया अलर्ट 

इससे पहले भागलपुर, कटिहार और पटना में कौओं में बर्ड फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं। विशेषज्ञ पहले से सतर्क थे, लेकिन अब पोल्ट्री फार्म में संक्रमण मिलने से खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। अच्छी तरह पका हुआ चिकन और अंडा खाने को सुरक्षित बताया गया है। स्वच्छता बनाए रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। फिलहाल पूरे प्रभावित इलाके में मेडिकल और पशु चिकित्सा टीम तैनात है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। होली के मद्देनजर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।