पटना सिटी में अतिक्रमण और अवैध पार्किग के खिलाफ अभियान, प्रशासन की कार्रवाई से मचा हड़कंप

पटना के चौक थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी और आसपास की सड़कों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को पटना नगर निगम की ओर से सघन अभियान चलाया गया। निगम की टीम के पहुंचते ही दुकानदारों के बीच हड़कंप मच गया.....

पटना सिटी में अतिक्रमण और अवैध पार्किग के खिलाफ अभियान, प्रश
अतिक्रमण और अवैध पार्किग के खिलाफ अभियान- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत नाला पर स्थित सब्जी मंडी और आसपास की सड़कों पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को पटना नगर निगम (पटना सिटी अंचल) की ओर से सघन अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम के पहुंचते ही सड़क किनारे अवैध दुकान लगाने वालों के बीच हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाया और उल्लंघनकर्ताओं से मौके पर ही जुर्माना वसूला।


सड़क व नाला जाम करने पर मिली सख्त चेतावनी

कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि सड़क, फुटपाथ और नाले पर अवैध कब्जा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण से सड़कें संकरी हो जाती हैं, जिससे आम लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और पूरी यातायात व्यवस्था बाधित होती है।


प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्तदुकानदारों पर लगा जुर्माना

अभियान के तहत प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ भी विशेष जांच की गई। कई दुकानों से पॉलीथिन जब्त कर दुकानदारों पर जुर्माना ठोका गया। अधिकारियों ने व्यापारियों से पॉलीथिन की जगह कपड़े या कागज के थैलों का उपयोग करने की अपील की और बताया कि पॉलीथिन पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने के साथ नालों को जाम कर जल निकासी की गंभीर समस्या पैदा करती है।


अवैध पार्किंग करने वालों का कटा ऑनलाइन चालान

सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई की। यातायात में बाधा डालने वाले वाहनों का मौके पर ही ऑनलाइन चालान काटा गया और चालकों से जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने साफ हिदायत दी कि दोबारा सड़क पर अवैध पार्किंग करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


शहर को स्वच्छ और जाम-मुक्त बनाने का संकल्प

नगर निगम और पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों व वाहन मालिकों को सख्त निर्देश दिया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही, प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे पॉलिथीन का बहिष्कार करें और नियमों का पालन कर स्वच्छ, सुंदर व जाम-मुक्त पटना सिटी बनाने में सहयोग दें।


रंजीत की रिपोर्ट