Bihar News: पटना के दिल पर पहरा, गांधी मैदान आम लोगों के लिए बंद, सख्त निगरानी के बीच अलर्ट पर प्रशासन, जानिए क्या है पूरी खबर

Bihar News: पटना का गांधी मैदान आज शाम से आम लोगों के लिए बंद हो जाएगा। प्रशासन हाई अलर्ट पर है। आम लोगों को गांधी मैदान में जाने से सख्त मनाही है।

गांधी मैदान
आम लोगों के लिए गांधी मैदान बंद - फोटो : social media

Bihar News: पटना का गांधी मैदान आज शाम से आम लोगों के लिए बंद हो जाएगा। आम लोगों की एंट्री पर बैन लग जाएगी। दरअसल, बकरीद और गंगा दशहरा जैसे प्रमुख पर्वों को लेकर पटना जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। प्रशासन ने आदेश जारी कर बताया है कि 5 जून की शाम से पर्व समाप्ति तक गांधी मैदान में आम नागरिकों की एंट्री पर रोक रहेगी। मैदान में केवल नमाज अदा करने वाले लोगों को ही प्रवेश मिलेगा।

गांधी मैदान में तय किए गए प्रवेश द्वार

बकरीद के अवसर पर गांधी मैदान में नमाज के लिए आने वालों के लिए वाहनों और पैदल प्रवेश के लिए गेट निर्धारित किए गए हैं। वाहनों के लिए प्रवेश गेट संख्या 5 और 10 तो वहीं पैदल नमाजियों के लिए प्रवेश गेट संख्या 5, 6, 7, 8, 9 और 10 से होगा। 

सोशल मीडिया पर रहेगी नजर

प्रशासन ने सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया है। किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ पोस्ट या आपत्तिजनक कंटेंट पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति या सूचना देने के लिए लोग जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810 / 2219234) या डायल-112 का सहारा ले सकते हैं।

गंगा दशहरा पर नाव परिचालन रहेगा बंद

गंगा दशहरा पर्व को लेकर गंगा नदी में नाव परिचालन पर भी रोक लगाई गई है। 5 जून सुबह से 6 जून शाम तक गंगा नदी में नाव का परिचालन नहीं होगा। सिर्फ सरकारी कार्यों में लगी नावों को अनुमति दी जाएगी। 

तैनात की गई विशेष टीमें

गंगा घाटों पर भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने गोताखोरों और जवानों सहित 7 SDRF टीमें, रिवर पेट्रोलिंग और स्पेशल मोबाइल टीमें, घाटों को सेक्टरों में बांटकर संसाधनों के साथ निगरानी की व्यवस्था की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोनों पर्वों के दौरान अमन-चैन और सुरक्षा बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।