Bihar News: बिहार के अलग अलग जिलों में धूमधाम से मनाई जा रही ईद, नमाज के बाद गले मिलकर नामाजियों ने दी मुबारकबाद

Bihar News: बिहार समेत पूरे देश में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया। राजधानी पटना सहित राज्य के विभिन्न जिलों में सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज के लिए भारी भीड़ उमड़ी।

ईद
धूमधाम से मनाई जा रही ईद - फोटो : reporter

Bihar News: बिहार समेत पूरे देश में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को हर्षोल्लास, अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। एक महीने तक रोजा और इबादत करने के बाद चांद के दीदार के साथ लोगों ने ईद का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया। राज्य की राजधानी पटना सहित कई जिलों में सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी।

पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाई गई ईद 

पश्चिम चंपारण के बेतिया और बगहा में हजारों लोगों ने ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की। बारिश के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और नमाज के बाद सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के दौरान देश में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी गई। कटिहार में भी ललियाही स्थित बड़ी ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। जिले के विभिन्न इलाकों से शांतिपूर्ण माहौल में ईद मनाए जाने की खबर है। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

ईदगाहों में अदा की गई नमाज

नालंदा में बड़ी दरगाह समेत सभी मस्जिदों और ईदगाहों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर मुबारकबाद दी। धर्मगुरुओं ने इस मौके पर कहा कि ईद का त्योहार मोहब्बत, इंसानियत और जरूरतमंदों की मदद का संदेश देता है। भोजपुर जिले में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईद का त्योहार मनाया गया। शहर के मौलाबाग ईदगाह समेत अन्य स्थानों पर हजारों लोगों ने नमाज अदा की और देश की तरक्की व खुशहाली के लिए दुआ मांगी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

शेरशाह सूरी मकबरा में अदा हुई नमाज 

सुपौल, सासाराम और अन्य जिलों में भी ईद पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। सासाराम में शेरशाह सूरी मकबरा के पास बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। हर जगह लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर भाईचारे का संदेश दिया। ईद को लेकर पूरे राज्य में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बच्चे नए कपड़ों में नजर आए और ईदी पाकर खुश दिखे, वहीं बाजारों में भी रौनक बनी रही। 

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 

जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे, जिससे पूरे प्रदेश में त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से माना जा रहा है। कुल मिलाकर ईद का यह पर्व बिहार में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और एकता की मिसाल बनकर सामने आया, जहां सभी समुदायों के लोगों ने मिल-जुलकर खुशियां साझा कीं। कई जगहों पर ईद की नमाज पढ़ी गई।

सभी जिलों के रिपोर्टरों की रिपोर्ट