अनंत सिंह के मोकामा में सशक्त स्थायी समिति के चुनाव संपन्न, इनको मिली बड़ी जीत, जानिए क्या होगा असर

जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के निर्वाचन क्षेत्र मोकामा में नगर परिषद के सशक्त स्थायी समिति के चुनाव में एकतरफा मुकाबला देखने को मिला जिसमें इन उम्मदीवारों की बड़ी जीत हुई है.

मोकामा नगर परिषद सशक्त स्थायी समिति
मोकामा नगर परिषद सशक्त स्थायी समिति- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना जिले के मोकामा नगर परिषद में शुक्रवार को सशक्त स्थायी समिति के चुनाव संपन्न हो गए। चुनाव में वार्ड पार्षद 28 की बेबी देवी, वार्ड पार्षद 14 की सोनी देवी और वार्ड पार्षद 15 के मनोज मलाकार विजयी घोषित किए गए। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद नगर परिषद अध्यक्ष नीलेश कुमार ने सभी निर्वाचित सदस्यों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि नई समिति नगर क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति देगी। 


चुनाव परिणाम के बाद अध्यक्ष समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समर्थकों का कहना है कि नगर परिषद में विकास योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू करने और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के लिए यह जीत महत्वपूर्ण साबित होगी। उनका मानना है कि नई समिति शहर में विकास के नए मापदंड स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी। पटना जिले में मोकामा के चुनाव पर सबकी नजर थी। दरअसल, मोकामा विधानसभा के विधायक अनंत सिंह हैं जो बाहुबली छवि के नेता माने जाते हैं। ऐसे में उनके क्षेत्र में हो रहे चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की भी खास नजर रही। 


जिलाधिकारी का सख्त आदेश

दरअसल, पटना जिले के विभिन्न नगर निकायों में 29 और 30 मई को सशक्त स्थायी समिति के निर्वाचन कराए जा रहे हैं। इसको लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने पहले ही सभी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया था।


छह नगर निकायों में हुआ चुनाव

29 मई को जिन नगर निकायों में चुनाव हुए, उनमें मोकामा नगर परिषद, पुनपुन नगर पंचायत, बिक्रम नगर पंचायत, खुसरूपुर नगर पंचायत, बिहटा नगर परिषद और सम्पतचक नगर परिषद शामिल हैं। वहीं 30 मई को बख्तियारपुर नगर परिषद, बाढ़ नगर परिषद, मसौढ़ी नगर परिषद, पालीगंज नगर पंचायत, फतुहा नगर परिषद, नौबतपुर नगर पंचायत, मनेर नगर पंचायत और पटना नगर निगम में चुनाव होने हैं।


क्या है सशक्त स्थायी समिति?

नगर निकायों में सशक्त स्थायी समिति को स्थानीय सरकार की सबसे महत्वपूर्ण कार्यकारी समिति माना जाता है। यह समिति नगर परिषद या नगर निगम के प्रशासनिक और वित्तीय फैसलों में अहम भूमिका निभाती है। समिति का गठन चुने गए पार्षदों के बीच से किया जाता है और इसका नेतृत्व नगर परिषद अध्यक्ष या मेयर करते हैं।


सशक्त स्थायी समिति का मुख्य कार्य विकास योजनाओं की स्वीकृति, नगर निकाय के बजट और खर्च की निगरानी, सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वास्थ्य और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर निर्णय लेना होता है। इसके अलावा आपात स्थितियों में त्वरित प्रशासनिक निर्णय लेने का अधिकार भी समिति के पास होता है। ऐसे में इस समिति का गठन नगर निकाय की कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।