Bihar News : दुर्गापूजा पर निर्बाध व सुरक्षित बिजली आपूर्ति को लेकर ऊर्जा सचिव ने की समीक्षा बैठक, 24×7 कंट्रोल रूम और त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Bihar News : दुर्गापूजा में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऊर्जा सचिव अजय यादव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई......पढ़िए आगे

Bihar News : दुर्गापूजा पर निर्बाध व सुरक्षित बिजली आपूर्ति
दुर्गापूजा में निर्बाध बिजली आपूर्ति - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : दुर्गापूजा के अवसर पर राज्य में निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऊर्जा सचिव एवं अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड, अजय यादव (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में बिहार के सभी विद्युत अंचल के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.) तथा साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक सौरभ जोरवाल (भा.प्र.से.) सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में दुर्गापूजा एवं मेला क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की तैयारियों, विद्युत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं अनुरक्षण, सुरक्षा व्यवस्था तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान ऊर्जा सचिव अजय यादव (भा.प्र.से.) ने विद्युत सुरक्षा से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों एवं मेला क्षेत्रों के आसपास विद्युत लाइनों में लगे जर्जर तारों को समय रहते बदलने की कार्रवाई पूरी कर ली जाए। साथ ही, भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों तथा पूजा पंडालों के ऊपर से गुजरने वाली 11 केवी बेयर कंडक्टर (Bare Conductor) लाइनों में आवश्यकतानुसार सुरक्षा की दृष्टि से कवर्ड कंडक्टर (Covered Conductor) लगाने अथवा गार्ड वायर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने मेला क्षेत्रों में भीड़ वाले स्थानों पर स्थापित लोहे के विद्युत पोलों से स्पर्शाघात की संभावना को रोकने के लिए डायइलेक्ट्रिक पेंट अथवा पॉलीथीन शीट लगाने तथा एलटी के नंगे तारों को एबी केबल में परिवर्तित करने का भी निर्देश दिया।

ऊर्जा सचिव ने पूजा पंडालों एवं मेला क्षेत्रों को विद्युत आपूर्ति करने वाले भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर स्थित वितरण ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विद्युत सर्किलों के अधिकारियों को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मेला क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी हेतु सभी फ्यूज कॉल सेंटर को अलर्ट मोड पर सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने दुर्गापूजा के दौरान विद्युत आपूर्ति की प्रभावी निगरानी एवं आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए मुख्यालय स्तर पर 24×7 नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा प्रमंडल स्तर पर पर्याप्त संख्या में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भी सुरक्षित एवं यथासंभव विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान क्षेत्रीय पदाधिकारियों द्वारा बताया गया कि दुर्गापूजा के अवसर पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं अनुरक्षण का कार्य प्रगति पर है। विद्युत उपकेंद्रों (PSS), 33 केवी एवं 11 केवी लाइनों तथा वितरण उपकेंद्रों (DSS) के समुचित अनुरक्षण एवं मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है।इसके अतिरिक्त, त्योहार के दौरान किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर पर्याप्त संख्या में ट्रांसफार्मर एवं आवश्यक विद्युत सामग्री उपलब्ध कराई गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने अथवा जलने की स्थिति में उन्हें अविलंब बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसी प्रकार, ब्रेकडाउन की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए आवश्यक सामग्री, उपकरण एवं संसाधन क्षेत्रीय स्तर पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए गए हैं। बैठक के दौरान ऊर्जा सचिव ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों को पूजा पंडाल के लिए अस्थाई कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात भी कही । इस मौके पर अजय यादव ने सभी को दुर्गापूजा की अग्रिम बधाई भी दी ।