EOU Raid: 51 पन्नों की डायरी से खुलेगा भ्रष्ट अफसरों का राज! EOU के हाथ लगा अधिकारियों से लेन-देन का हिसाब, बिहार में मचेगी खलबली?

EOU Raid: बिहार और झारखंड में बालू और जमीन माफिया के खिलाफ EOU की छापेमारी में 73.5 लाख रुपये नकद, 106 जमीन के डीड, 51 एकरारनामे और 38 बैंक खातों का ब्योरा मिला है। भगत यादव समेत कई लोगों पर कार्रवाई हुई है।

EOU Raid

EOU Raid: बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार के गठजोड़ को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी में 51 पन्नों की एक गोपनीय डायरी हाथ लगी है। इस डायरी में कई अधिकारियों के साथ कथित वित्तीय लेन-देन का उल्लेख मिलने के बाद जांच एजेंसी की नजर अब उन लोगों पर भी टिक गई है, जिनके नाम इस पूरे आर्थिक नेटवर्क से जुड़ सकते हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या अपराध की कमाई का हिस्सा सरकारी महकमे के कुछ अधिकारियों तक भी पहुंचता था?


गया के सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव और उसके गिरोह के सदस्यों के ठिकानों पर EOU की बड़ी कार्रवाई में यह डायरी बरामद हुई है। जांच एजेंसी के मुताबिक, इसमें कई पदाधिकारियों के साथ वित्तीय लेन-देन का जिक्र है। फिलहाल डायरी में दर्ज प्रविष्टियों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि किन अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध है और किसने कथित तौर पर किस स्तर पर आर्थिक लाभ लिया।


51 पन्नों की डायरी में किसका नाम? जांच के घेरे में अधिकारी!


इस पूरे मामले का सबसे संवेदनशील पहलू यही डायरी है। अगर इसमें दर्ज लेन-देन के विवरण और संबंधित व्यक्तियों की पहचान की पुष्टि होती है, तो जांच का दायरा अपराधियों से आगे बढ़कर सरकारी तंत्र तक पहुंच सकता है। हालांकि अभी किसी अधिकारी के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है और न ही किसी अधिकारी के दोषी होने की पुष्टि हुई है।


73.50 लाख नकद, 106 रजिस्ट्री और 38 बैंक खातों का ब्योरा


EOU ने बिहार और झारखंड के गया, पटना, औरंगाबाद तथा चतरा में कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान जांच टीम को कई चौंकाने वाले दस्तावेज मिले।


- 73.50 लाख रुपये नकद बरामद।

- जमीन की 106 रजिस्ट्री डीड जब्त।

- जमीन खरीद के 51 एकरारनामे मिले।

- 38 बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद।

- आभूषण खरीद की रसीदें मिलीं।

- आठ वाहनों से संबंधित दस्तावेज मिले।


जांच में भगत यादव और उसके परिवार के नाम पर करीब 7,790 डिसमिल यानी लगभग 130 बीघा जमीन, मकान और फ्लैट से जुड़े दस्तावेज सामने आए हैं। इन संपत्तियों का निबंधन मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है।


28 करोड़ की जमीन महज 1.5 करोड़ में रजिस्ट्री!


जांच में एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। EOU के अनुसार, सरकारी मूल्यांकन में करीब 28 करोड़ रुपये की एक जमीन की रजिस्ट्री महज 1.5 करोड़ रुपये में कराए जाने का मामला भी सामने आया है। इस लेन-देन और संपत्ति के वास्तविक स्रोत की जांच की जा रही है।


भगत यादव, पत्नी और बेटे समेत चार गिरफ्तार


इस कार्रवाई में EOU ने सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव, उसकी पत्नी सुनीता कुमारी, बेटे आर्यन कुमार और सहयोगी रौशन राज को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, गिरोह पर पिछले कई वर्षों से रंगदारी, अपहरण, लूट, जमीन कब्जाने, अवैध बालू खनन और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप हैं। गिरोह से जुड़े 11 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस रिकॉर्ड में 2001 से अब तक विभिन्न स्थानों पर करीब 25 आपराधिक मामलों का भी उल्लेख है।


अब डायरी के पन्ने पलटेगी EOU, किस-किस तक पहुंचेगी जांच?


इस पूरे मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 51 पन्नों की डायरी में दर्ज वित्तीय लेन-देन की कड़ियां कहां तक जाती हैं? क्या जांच में केवल बिचौलियों और सहयोगियों की भूमिका सामने आएगी या सरकारी विभागों में बैठे उन लोगों तक भी कार्रवाई पहुंचेगी, जिनसे कथित लेन-देन का उल्लेख किया गया है?


फिलहाल EOU डायरी और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। यदि प्रविष्टियों की पुष्टि होती है तो आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे संभव हैं। बिहार में अपराध की कमाई और सरकारी तंत्र के कथित गठजोड़ की जांच अब इस कार्रवाई का सबसे अहम पहलू बन गई है।