सेवानिवृत पुलिसकर्मी के रिटायरमेंट के पैसों पर थी रंगदारों की नजर, पोते के अपहरण की धमकी देकर मांगी 25 लाख रंगदारी

पटना के नदी थाना क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां एक सेवानिवृतक पुलिसकर्मी से उसके पोते के अपहरण की धमकी देकर 25 लाख रंगदारी की मांग की गई है। पुलिस ने इस मामले त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है...

सेवानिवृत पुलिसकर्मी के रिटायरमेंट के पैसों पर थी रंगदारों क
रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार- फोटो : रजनीश

Patna : राजधानी पटना से सटे पटनासिटी के नदी थाना क्षेत्र से रंगदारी और अपहरण की साजिश का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, मिजोरम पुलिस से करीब एक महीने पहले सेवानिवृत्त हुए शिवचंद्र राय को रिटायरमेंट के एवज में 1 करोड़ की राशि मिली थी। बदमाशों की नजर इसी रकम पर थी, जिसके बाद उन्होंने शिवचंद्र राय के परिवार को निशाना बनाना शुरू कर दिया।


25 लाख की रंगदारी न देने पर पोते के अपहरण की धमकी

शिवचंद्र राय के बेटे राजन कुमार के मोबाइल पर बदमाशों ने फोन और व्हाट्सएप के जरिए लगातार धमकियां दीं। बदमाशों ने पीड़ित परिवार से 25 लाख की मोटी रंगदारी की मांग की। इतना ही नहीं, रंगदारों ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं मिले तो वे शिवचंद्र राय के पोते का अपहरण कर लेंगे और उसे छोड़ने के बदले फिरौती के रूप में 50 लाख वसूलेंगे। बात न मानने पर परिवार के सदस्यों की हत्या करने की योजना भी बनाई गई थी।


पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़ित परिवार ने नदी थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला सीधे तौर पर एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी के परिवार और बच्चे के अपहरण से जुड़ा होने के कारण पटना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने वैज्ञानिक, तकनीकी और मानवीय अनुसंधान का सहारा लेकर जाल बिछाया।


चोरी के सिम और मोबाइल के साथ आरोपी दबोचे गए

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस पूरे रंगदारी कांड का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने इस मामले में जेठुली के रहने वाले 39 वर्षीय संजीव कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस साजिश में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक (किशोरी/नाबालिग) को भी निरुद्ध किया गया है।


मामले की आगे की जांच जारी

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया वीवो (Vivo) कंपनी का मोबाइल फोन और वारदात के लिए इस्तेमाल किया गया चोरी का सिम कार्ड भी बरामद कर लिया है। पटना पुलिस इस गिरोह के अन्य संभावित संपर्कों का पता लगाने और आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी करने में जुटी हुई है।


रजनीश की रिपोर्ट