लालू यादव के जन्मदिन पर भावुक हुआ परिवार: रात 12 बजे तेजस्वी ने कटवाया केक, वीडियो कॉल पर जुड़े तेज प्रताप और रोहिणी
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपना जन्मदिन बेहद खास और पारिवारिक अंदाज में मनाया। रात ठीक 12:00 बजे लालू यादव के आवास पर केक काटा गया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
आधी रात को मना जश्न, तेजस्वी ने खिलाया केक
पिता के जन्मदिन के इस खास मौके पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बेहद उत्साहित नजर आए। उन्होंने ठीक आधी रात को 12:00 बजे पिता लालू यादव से केक कटवाया। सामने आई तस्वीरों में तेजस्वी यादव अपने हाथों से पिता को केक खिलाते हुए और उनका आशीर्वाद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान लालू यादव के चेहरे पर भी खुशी साफ देखी जा सकती थी।
पूरा परिवार रहा मौजूद
इस पारिवारिक जश्न में लालू यादव के साथ उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़ी बेटी व सांसद मीसा भारती और तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव मुख्य रूप से मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर लालू यादव को जन्मदिन की बधाई दी।
वीडियो कॉल पर भावुक हुए बच्चे, पहले ही दी थी बधाई
लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और बेटी रोहिणी आचार्य इस मौके पर शारीरिक रूप से भले ही मौजूद नहीं थे, लेकिन वे वीडियो कॉल के जरिए इस जश्न का हिस्सा बने। केक कटने के दौरान दोनों वीडियो कॉल पर जुड़े रहे और अपने पिता को शुभकामनाएं दीं।
https://x.com/news4nations/status/2064888969272361293?t=LacqtWsvtV0fwrHhcrfANQ&s=19
खास बात: रोहिणी आचार्य और तेज प्रताप यादव ने आधी रात का इंतजार नहीं किया था, बल्कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले ही भावुक पोस्ट शेयर कर अपने पिता लालू यादव को जन्मदिन की बधाई दे दी थी।
यह पारिवारिक मिलन सोशल मीडिया पर समर्थकों के बीच काफी चर्चा बटोर रहा है, जहां फैंस लालू यादव की लंबी उम्र की कामना कर रहे हैं।