Bihar News: खान सर पर FIR नहीं तो धरना तय, रौशन आनंद सर का अल्टीमेटम,बोले- किसके दबाव में कार्रवाई से बच रही पुलिस?
ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद अपने भाई प्रिंस यादव की संदेहास्पद मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए बुधवार को कदमकुआं थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस प्रशासन पर शिकायत दर्ज नहीं करने और कार्रवाई में टालमटोल करने का गंभीर आरोप ल
Bihar News: पटना में चर्चित प्रिंस यादव मौत कांड ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद अपने भाई प्रिंस यादव की संदेहास्पद मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए बुधवार को कदमकुआं थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस प्रशासन पर शिकायत दर्ज नहीं करने और कार्रवाई में टालमटोल करने का गंभीर आरोप लगाया। इस पूरे घटनाक्रम ने कोचिंग जगत से लेकर सियासी गलियारों तक हलचल मचा दी है।
रौशन आनंद ने मीडिया के सामने दावा किया कि उनके भाई प्रिंस यादव की मौत कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का नतीजा है। उन्होंने खान सर और फैजल खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नेपाल के एक होटल में उनके भाई की हत्या कराई गई। उनका कहना है कि इस पूरे मामले की तह तक पहुंचने और दोषियों को कानून के शिकंजे में लाने के लिए वह लगातार इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे हैं।
थाने के बाहर मीडिया से मुखातिब रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि आवेदन देने के बावजूद पुलिस FIR दर्ज करने से बच रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके दबाव में कार्रवाई रोकी जा रही है। उनका कहना था कि यदि कोई दबाव नहीं है तो पुलिस को तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू करनी चाहिए।
वहीं पुलिस का कहना है कि आवेदन में कई अलग-अलग घटनाओं का जिक्र किया गया है, जिनमें नेपाल में हुई मौत, बेउर जेल में कथित साजिश और कोचिंग संस्थानों से जुड़े विवाद शामिल हैं। चूंकि मौत नेपाल में हुई है, इसलिए वहां की पुलिस की जांच भी महत्वपूर्ण होगी। रौशन सर के वकील का कहना है कि भले ही मामला नेपाल का हो, लेकिन FIR दर्ज यहां की जा सकती है। नियम तो है।
मामले को लेकर रौशन आनंद कदमकुआं थाना से निकलकर पटना के आईजी जितेंद्र राणा से मिलने रवाना हुए।उन्हें आज 12 बजे मिलने का वक्त मिला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोपहर 12 बजे तक FIR दर्ज नहीं की गई तो वह समर्थकों के साथ धरने पर बैठेंगे। अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन के अगले कदम और इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच पर टिकी हुई है।
देवांशु प्रभात के साथ रंजीत कुमार की रिपोर्ट