पटना में भीषण अग्निकांड, 3 की जिंदा जलकर मौत घर-दुकान बनी आग का दरिया

Patna Fire:हार्डवेयर दुकान और उससे जुड़े घर में देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दर्दनाक अग्निकांड में तीन लोगों की मौत हो गई...

Patna Fire
पटना में भीषण अग्निकांड- फोटो : social Media

Patna Fire: पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बाईपास में रविवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब पंकज कुमार की हार्डवेयर दुकान और उससे जुड़े घर में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दर्दनाक अग्निकांड में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला के घायल होने की सूचना है।

बताया गया कि आग की चपेट में आने से पंकज कुमार की 45 वर्षीय पत्नी रीमा देवी और 70 वर्षीय मां गीता देवी की मौत हो गई। हादसे में छह माह की मासूम आस्था भी आग की लपटों से नहीं बच सकी। मासूम आस्था, मोनी देवी की छह माह की पुत्री थी और पंकज कुमार के गोतिया की नातिन बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुकान और घर में अचानक आग लगी। कुछ ही देर में आग इतनी तेज हो गई कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल पाया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर थाना पुलिस, अग्निशमन विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आयुष श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष देवानंद शर्मा ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। घायल मोनी देवी का इलाज कराया जा रहा है।

फिलहाल आग लगने की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आग से दुकान और घर को हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच में जुटा है।एक ही परिवार से जुड़ी तीन जिंदगियों के असमय खत्म होने से बख्तियारपुर में गम का माहौल है। मासूम आस्था की मौत ने इस हादसे को और भी हृदयविदारक बना दिया है। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि आग आखिर किन परिस्थितियों में लगी और इतनी तेजी से कैसे फैल गई।