Republic Day 2026: JDU-BJP और LJP(R) के पार्टी दफ्तर में फहराया गया झंडा, गणतंत्र दिवस की दी हार्दिक शुभकामनाएं

Republic Day 2026: इसी क्रम में राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी झंडोतोलन किया गया। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी।

Republic Day 2026
पार्टी दफ्तरों में फहराया गया झंडा - फोटो : social media

Republic Day 2026: देशभर में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी पटना में भी राष्ट्रीय पर्व को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। इसी क्रम में राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी झंडोतोलन किया गया। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने ध्वजारोहण किया और तिरंगे को सलामी दी। 

गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं 

इस अवसर पर उन्होंने देशवासियों और प्रदेशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।

बीजेपी प्रदेश कार्यालय में फहराया गया झंडा 

गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में भी गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद नेताओं ने देश और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और लोकतंत्र तथा संविधान के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

लोजपा(रा) कार्यालय में फहराया गया झंडा 

लोजपा (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया। प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी और बिहारवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर राजू तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वे संविधान बचाने की बात तो करते हैं, लेकिन अपनी भूमिका ठीक से नहीं निभा पाते। 

तेजस्वी यादव पर कसा तंज 

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष हैं, लेकिन जब सदन चलता है तो वे अक्सर गायब रहते हैं। राजू तिवारी ने कहा कि प्रदेश को ट्वीट की राजनीति नहीं, बल्कि जमीन से जुड़ी राजनीति चाहिए और यही वजह है कि जनता ने 2025 में उन्हें नकार दिया। नीट छात्रा कांड को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार इस मामले में पूरी तरह गंभीर है। चाहे अधिकारी हों या कोई नेता, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट सामने आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

पटना से अभिजीत, नरोत्तम और वंदना की रिपोर्ट