बिहार में आत्मनिर्भरता की नई मिसाल: गौरव राय ने अब तक 256 महिलाओं को दिलाई सिलाई मशीन

Gaurav Rai
Gaurav Rai - फोटो : news4nation

Bihar News : सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय की पहल पर बुधवार को पटना के बिग्रहपुर में एक महिला को सिलाई मशीन भेंट की गई।  ऐतवारपुर की रहने वाली मुन्नी देवी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें यह मशीन दी गई है।  गौरव राय ने बताया कि यह 256वीं सिलाई मशीन है जो अब तक जरूरतमंद महिलाओं को दी जा चुकी है। इस मशीन को कोलकाता में आरपीएफ अधिकारी वरुण सिन्हा द्वारा उपलब्ध कराया गया।


गौरव राय ने बताया कि उनका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा, “हमारे अभियान से अब तक 310 साइकिलें, 256 सिलाई मशीनें और 142 विद्यालयों एवं कॉलेजों में सैनिट्री पैड वेंडिंग मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं।”


उन्होंने यह भी बताया कि अब कई लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं और अपने बच्चों के जन्मदिन, शादी की सालगिरह या प्रियजनों की पुण्यतिथि पर साइकिल या सिलाई मशीन दान कर जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं। गौरव ने कहा, “सबसे खास बात यह है कि इस अभियान में शामिल कई लोगों से मैं कभी नहीं मिला, फिर भी जब भी किसी जरूरतमंद की बात आती है, हम सब एक साथ आगे बढ़ जाते हैं — यही इंसानियत की खूबसूरती है।”


गौरव राय, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, सिवान जिले के भगवानपुर प्रखंड के सुघरी गांव के निवासी हैं और वर्तमान में पटना में रहते हैं। बिना किसी एनजीओ के सहयोग से चल रहे उनके इस अभियान से बिहार के कई जिलों में परिवर्तन की कहानी लिखी जा रही है।