पुण्यतिथि पर मानवता की मिसाल, जरूरतमंदों में बांटे जरूरी सामान, गौरव राय का सेवा अभियान बना खास

Gaurav Rai
Gaurav Rai- फोटो : news4nation

Patna : पटना के बिग्रहपुर इलाके में मानवता और दोस्ती की मिसाल देखने को मिली। स्वर्गीय हर्ष राज की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं के बीच दैनिक उपयोग के सामानों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय के माध्यम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दो महिलाओं को बर्तन रखने का स्टैंड, एक महिला को मिक्सी, एक को स्टील की बड़ी कढ़ाई तथा एक अन्य महिला को सामान रखने के लिए स्टील का बर्तन प्रदान किया गया। गौरव राय ने बताया कि यह सभी सामान उनके फेसबुक मित्र आनंद शंकर द्वारा उपलब्ध कराए गए, जो मूल रूप से लखीसराय के निवासी हैं।


गौरव राय ने बताया कि आनंद शंकर ने अपने दिवंगत मित्र हर्ष राज की पुण्यतिथि पर जरूरतमंद महिलाओं की सहायता के लिए अपने निजी खर्च से इन सामानों की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी आनंद शंकर उनके सामाजिक अभियान में सहयोग करते हुए एक सिलाई मशीन उपलब्ध करा चुके हैं। 


गौरव राय ने कहा कि भले ही आज हर्ष राज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन जरूरतमंदों का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा। उन्होंने बताया कि अब लोग खुद आगे आकर अपने परिवार की खुशियों, जन्मदिन और पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बिना किसी एनजीओ के सोशल मीडिया और आपसी सहयोग के माध्यम से बिहार के अलग-अलग हिस्सों में जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाई जा रही है। सोशल मीडिया की ताकत का जिक्र करते हुए गौरव राय ने बताया कि हाल ही में छपरा के सलेमपुर से एक शिक्षक ने फुटबॉल खेलने वाली बच्चियों के लिए जूतों की मांग की थी। इसके बाद दोस्तों और परिवार के सहयोग से बच्चियों के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले फुटबॉल बूट की व्यवस्था की गई।


गौरव राय के अनुसार, पिछले छह महीनों में करीब सौ से अधिक गैस चूल्हे जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सहयोग करने वाले लोग एक-दूसरे की जाति या पहचान नहीं देखते, बल्कि मानवता के आधार पर मदद के लिए आगे आते हैं।