राम नवमी पर गौरव राय ने पेश की सेवा की मिसाल, जरूरतमंद किशोर को मिली साइकिल

गौरव राय ने बताया कि उनका यह अभियान बिना किसी एनजीओ के संचालित हो रहा है, अब तक इस पहल के तहत 331 जरूरतमंदों को साइकिल दी गई है.

Gaurav Rai
Gaurav Rai- फोटो : news4nation

Bihar News :  पटना में सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायक मिसाल शुक्रवार को देखने को मिली, जहां “ऑक्सीजन मैन” के नाम से प्रसिद्ध गौरव राय की पहल पर एक जरूरतमंद किशोर को साइकिल प्रदान की गई। इस कार्यक्रम में रौनक कुमार नामक किशोर को साइकिल देकर उसकी शिक्षा और भविष्य को नई दिशा देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे ओम प्रकाश सिंह ने रौनक को साइकिल की चाबी सौंपी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम की शुरुआत में गौरव राय ने अंगवस्त्र भेंट कर अतिथि का स्वागत किया।


इस अवसर पर ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि ऐसे सकारात्मक और प्रेरणादायक कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्हें काफी ऊर्जा मिलती है। उन्होंने गौरव राय के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वे बिना किसी स्वार्थ के समाज के हर वर्ग के लिए लगातार काम कर रहे हैं, जो सराहनीय है। वहीं, गौरव राय ने बताया कि यह साइकिल उनके वरिष्ठ सच्चिदानंद शर्मा के सहयोग से उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि राम नवमी के शुभ अवसर पर यह पहल और भी खास बन जाती है।


गौरव राय ने बताया कि उनका यह अभियान बिना किसी एनजीओ के संचालित हो रहा है, जिसमें परिवार, मित्रों और सोशल मीडिया के जरिए जुड़े लोग मिलकर जरूरतमंदों की मदद करते हैं। अब तक इस पहल के तहत 331 जरूरतमंदों को साइकिल, 285 महिलाओं को सिलाई मशीनें और 152 स्कूल-कॉलेजों में सैनिट्री पैड वेंडिंग मशीनें लगवाई जा चुकी हैं।


उन्होंने कहा कि भले ही इस अभियान से जुड़े लोग एक-दूसरे से कभी न मिले हों, लेकिन जरूरतमंदों की मदद के लिए सभी हमेशा तैयार रहते हैं। एक निजी कंपनी में कार्यरत गौरव राय 105 बार रक्तदान कर चुके हैं और लगातार युवाओं को इसके लिए प्रेरित भी कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में गौरव राय ने सच्चिदानंद शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह पहल संभव हो सकी।