Iran-Israel-America War:खाड़ी में जंग, बिहार सरकार अलर्ट, खाड़ी देशों में फंसे बिहार के प्रवासी कामगारों के लिए 24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी

Iran-Israel-America War: विदेशों में रोज़ी-रोटी की तलाश में गए प्रवासी बिहारियों की हिफाज़त और मदद के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर +91 7217788114 जारी किया गया है।

Gulf War Tensions Rise Bihar Govt Issues Helpline for Migran
खाड़ी देशों में फंसे बिहार के प्रवासी कामगारों के लिए 24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी- फोटो : X

Iran-Israel-America War: खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध संकट और तनावपूर्ण हालात के बीच बिहार सरकार ने बड़ा और फौरी कदम उठाया है। विदेशों में रोज़ी-रोटी की तलाश में गए प्रवासी बिहारियों की हिफाज़त और मदद के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर +91 7217788114 जारी किया गया है। यह हेल्पलाइन श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से दिल्ली स्थित बिहार भवन से शुरू की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।

विभाग के सचिव दीपक आनंद ने हेल्पलाइन जारी करते हुए कहा कि विभाग की टीम 24×7 इसकी निगरानी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसियों और दूतावासों से समन्वय स्थापित किया जाएगा। उनका कहना था कि मौजूदा हालात को देखते हुए यह एहतियाती इंतज़ाम किया गया है, ताकि संकट की घड़ी में कोई भी प्रवासी बिहारी खुद को तन्हा और बेसहारा महसूस न करे।

सरकार का साफ पैग़ाम है कि विदेशों में काम कर रहे बिहार के मजदूरों की सुरक्षा, इज्जत और बुनियादी सहूलियतों को सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचे, इसके लिए हर मुमकिन कदम उठाए जाएंगे।

वहीं बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क और सजग है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी तरह की सहायता, जानकारी या समस्या के समाधान के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। टीम चौबीसों घंटे मुस्तैदी से निगरानी रखेगी और हर कॉल पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाएगी।

खाड़ी में मंडरा रहे जंग के खतरे के बीच यह पहल प्रवासी बिहारियों और उनके परिजनों के लिए राहत की सांस साबित हो रही है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि हर नागरिक की हिफाजत उसके लिए सबसे अहम है, और संकट की इस घड़ी में बिहार अपने लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है।