इस कारण हुआ रौशन आनंद के भाई का मर्डर ! तेजस्वी यादव ने इनकी भूमिका बताई संदेहास्पद
पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच शुरू हुआ विवाद उस समय सुर्खियों में आया जब खान सर के संस्थान परिसर में हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट की घटना हुई।
Tejashwi Yadav : ज्ञानबिंदु कोचिंग के प्रमुख रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हुई संदिग्ध मौत के मामले में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बड़ा बयान देते हुए इस घटना के पीछे के कारणों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। तेजस्वी ने कहा है कि ज्ञान बिंदु कोचिंग संचालक रौशन आनंद के भाई की संदिग्ध मौत या हत्या के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक की जानी चाहिए ताकि मौत के वास्तविक कारण सामने आ सकें और पुलिस जांच सही दिशा में आगे बढ़ सके। साथ ही उन्होंने पूरे मामले में बिहार सरकार और पुलिस की भूमिका को भी संदेहास्पद बताया।
भूमिका पर सवाल
तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार के सुप्रसिद्ध ज्ञान बिंदु कोचिंग संचालक के भाई की हुई संदिग्ध मौत/हत्या की सभी पहलुओं से उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट यथाशीघ्र उपलब्ध होनी चाहिए ताकि मृत्यु के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सके और पुलिस आपराधिक जांच को ससमय आगे बढ़ा सके। कोचिंग जगत में हुए हालिया विवाद संपूर्ण शिक्षा क्षेत्र के लिए कतई उचित नहीं है। इस पूरे प्रकरण में बिहार सरकार और पुलिस की भूमिका संदेहास्पद है।
यह मामला उस विवाद से जुड़ा है जिसने हाल के दिनों में बिहार के कोचिंग जगत को दो हिस्सों में बांट दिया था। पटना में खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग के बीच शुरू हुआ विवाद उस समय सुर्खियों में आया जब खान सर के संस्थान परिसर में हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट की घटना हुई। इस मामले में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के संचालक रौशन आनंद समेत कई लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने रौशन आनंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, हालांकि सोमवार को ही उन्हें अदालत से जमानत मिल गई है।
विवाद के दौरान दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए। खान सर की ओर से संस्थान पर हमले और सुरक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया, जबकि ज्ञान बिंदु पक्ष ने दावा किया कि उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। सोशल मीडिया से लेकर छात्रों के बीच तक यह विवाद चर्चा का विषय बना रहा। शिक्षा जगत से जुड़े कई लोगों ने भी इस टकराव को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए संयम बरतने की अपील की थी।
प्रिंस की मौत से नया संदेह
इसी बीच मामले ने नया मोड़ तब लिया जब रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जाता है कि कोचिंग विवाद में नाम सामने आने के बाद वह नेपाल चले गए थे। होटल के कमरे से उनका शव मिलने के बाद नेपाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
तेजस्वी की बड़ी मांग
अब तेजस्वी यादव के बयान के बाद यह मामला राजनीतिक रंग भी पकड़ता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि कोचिंग जगत में हाल के दिनों में जो घटनाएं हुई हैं, वे पूरे शिक्षा क्षेत्र के लिए चिंताजनक हैं। तेजस्वी ने मांग की कि प्रिंस यादव की मौत की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह सामान्य मौत थी या इसके पीछे कोई साजिश अथवा आपराधिक कारण मौजूद है। फिलहाल सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
रंजन की रिपोर्ट