पटना हाई कोर्ट में 'चाय पर चर्चा' हुई कड़वी: गैस किल्लत से बढ़े कुल्हड़ चाय के दाम, परिसर में वकीलों और दुकानदारों में होने लगी जिरह

पटना हाई कोर्ट में गैस संकट का असर। कुल्हड़ चाय की कीमत 10 से बढ़कर 12 रुपये हुई। दुकानदारों और वकीलों के बीच तीखी झड़प।

पटना हाई कोर्ट में 'चाय पर चर्चा' हुई कड़वी: गैस किल्लत से ब

Patna - : बिहार की राजधानी में गहराते गैस संकट का असर अब न्याय के मंदिर, पटना हाई कोर्ट तक पहुँच गया है। गैस की भारी किल्लत के कारण हाई कोर्ट परिसर में मिलने वाली कुल्हड़ चाय की कीमत 10 रुपये से बढ़ाकर 12 रुपये कर दी गई है। चाय के बढ़े हुए दामों ने न केवल वकीलों का जायका बिगाड़ा है, बल्कि परिसर में तल्खी भी बढ़ा दी है।

दाम बढ़ने पर कोर्ट परिसर में 'जिरह'

सोमवार को जैसे ही चाय के दाम बढ़ने की खबर फैली, हाई कोर्ट के चाय काउंटरों पर वकीलों और दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बात सिर्फ दो रुपये की नहीं थी, बल्कि अचानक हुई इस वृद्धि ने चाय के शौकीनों को नाराज कर दिया। दुकानदारों और वकीलों के बीच इस मुद्दे पर जमकर 'तू-तू मैं-मैं' देखने को मिली, जिससे परिसर का माहौल कुछ देर के लिए गरमा गया।

दुकानदारों की दलील: 'ब्लैक' में गैस खरीदने की मजबूरी

बढ़े हुए दामों पर सफाई देते हुए चाय दुकानदारों का कहना है कि वे मजबूर हैं। गैस की भारी कमी है और उन्हें खुले बाजार से 'ब्लैक' में ऊँचे दामों पर गैस सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है। दुकानदारों का तर्क है कि जब लागत ही इतनी अधिक बढ़ गई है, तो पुराने दामों पर चाय बेचना उनके लिए संभव नहीं रह गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वृद्धि केवल घाटे से बचने के लिए की गई है।

ग्राहकों का डर: एक बार बढ़ गया तो कम नहीं होगा दाम

वहीं, चाय के शौकीन वकीलों और मुवक्किलों का मानना कुछ और ही है। उनका कहना है कि गैस संकट तो महज एक बहाना है, असली मकसद दाम बढ़ाना है। लोगों को डर है कि एक बार दाम बढ़ गए, तो गैस मिलने के बाद भी कीमतें कम नहीं होंगी। आम तौर पर देखा गया है कि किसी भी वजह से बढ़ा हुआ दाम कभी वापस नहीं लौटता। अब आलम यह है कि हाई कोर्ट में चाय पीने के लिए 12 रुपये ढीले करने ही होंगे।