India weather: देशभर में बदलने वाला है मौसम का हाल, दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू अलर्ट जारी
India weather: देश की राजधानी दिल्ली, यूपी, पंजाब में बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं राजस्थान और गुजरात में लू का अलर्ट जारी किया गया है। दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी है।
India weather: देशभर में मौसम एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार 11 मई को कई राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। वहीं राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश में गर्मी अभी भी लोगों को परेशान करेगी।
दिल्ली-एनसीआर में रविवार देर शाम से मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक का अनुमान जताया है। हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिन में गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम के बाद तापमान में कमी आ सकती है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में 11 से 14 मई के बीच मौसम सक्रिय रहने वाला है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, प्रयागराज और वाराणसी जैसे शहरों में बादल छाए रह सकते हैं। कई जगहों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों और खुले मैदान में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पंजाब और हरियाणा मौसम बदलने वाला है
पंजाब और हरियाणा में भी मौसम बदलने वाला है। कई जिलों में धूलभरी आंधी, बादल और हल्की बारिश हो सकती है। चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में भी मौसम खराब रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 11 से 13 मई तक इन राज्यों में मौसम अस्थिर बना रहेगा।
राजस्थान समेत अन्य राज्यों का हाल
राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का कहर जारी रहेगा। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर जैसे इलाकों में तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए लू का अलर्ट जारी किया है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्के बादल दिख सकते हैं, लेकिन गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मध्य प्रदेश और गुजरात में भी गर्मी का असर बना रहेगा। इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और भोपाल में गर्म हवाएं चल सकती हैं। गुजरात के अहमदाबाद और कच्छ इलाके में लू जैसी स्थिति बनी रह सकती है। कुछ जगहों पर शाम के समय हल्के बादल और बूंदाबांदी हो सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और हल्की बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी है। चारधाम यात्रा पर जाने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दक्षिण भारत के राज्यों के मौसम
महाराष्ट्र में गर्मी और उमस बनी रहेगी। मुंबई, पुणे और मराठवाड़ा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। कोंकण क्षेत्र में बादल छाए रहने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दक्षिण भारत के राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में बहुत ज्यादा बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। साथ ही मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।