Bihar Ips News - बिहार के दो IPS अधिकारियों का CBI में चयन: नीतीश सरकार ने दी हरी झंडी, दिल्ली रवानगी की तैयारी

बिहार कैडर के दो भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों, अशोक मिश्रा और के. रामदास को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) में बड़ी जिम्मेदारी मिली है । गृह विभाग ने शनिवार को उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए विरमित करने की अधिसूचना जारी कर दी है ।

Bihar Ips News - बिहार के दो IPS अधिकारियों का CBI में चयन:

Patna - बिहार पुलिस महकमे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ राज्य के दो तेजतर्रार आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है । बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने शनिवार, 14 मार्च 2026 को अधिसूचना जारी कर दोनों अधिकारियों को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) में पदभार ग्रहण करने के लिए वर्तमान पद से विरमित कर दिया है । इन अधिकारियों की सेवाएँ अब औपचारिक रूप से गृह मंत्रालय, भारत सरकार को सौंप दी गई हैं ।

वर्षों के लिए CBI में तैनाती

बिहार कैडर के 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी  अशोक मिश्रा और 2019 बैच के  के. रामदास को सीबीआई में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर नियुक्त किया गया है । आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इनका कार्यकाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले 05 वर्षों की अवधि तक अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा । दोनों अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे सीबीआई में योगदान कर अपना प्रतिवेदन विभाग को प्रस्तुत करें ।

वर्तमान पदों से किए गए विरमित

  • अशोक मिश्रा (BH:2016): वर्तमान में पुलिस अधीक्षक (जी), विशेष शाखा (Special Branch), बिहार, पटना के पद पर तैनात थे ।

  • के. रामदास (BH:2019): सम्प्रति पुलिस अधीक्षक (सी), अपराध अनुसंधान विभाग (CID), बिहार, पटना में अपनी सेवाएं दे रहे थे । दोनों अधिकारियों को उनके वर्तमान प्रभार त्याग करने की तिथि से विरमित करते हुए केंद्र के लिए रवाना किया गया है ।


केंद्र और राज्य के बीच समन्वय

यह महत्वपूर्ण निर्णय भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा 24 फरवरी 2026 को भेजे गए पत्रांक (1-21015/06/2026-IPS.III) के आलोक में लिया गया है । बिहार के राज्यपाल के आदेश से जारी इस अधिसूचना पर सरकार के अवर सचिव दीपक कुमार के हस्ताक्षर हैं । अधिसूचना की प्रतिलिपि महालेखाकार, सचिवालय कोषागार और पुलिस महानिदेशक सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है ।

पुलिस मुख्यालय को विशेष निर्देश

गृह विभाग ने पुलिस महानिदेशक (DGP), बिहार को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि इन अधिकारियों की नई तैनाती के अनुसार आवश्यक गत्यादेश निर्गत करने की कृपा की जाय । इन अधिकारियों का चयन केंद्रीय जांच एजेंसी में होना बिहार पुलिस के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है । अब जल्द ही ये दोनों अधिकारी नई दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में अपनी नई भूमिका की कमान संभालेंगे।