Bihar News:अपराधी समझकर पुलिस को ही कूट दिया,जमुई में सादे लिबास में गई टीम पर हमला, दो दारोगा समेत 3 घायल
बिहार के जमुई में कुख्यात ढेबू यादव को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। सादे लिबास में पहुंची पुलिस को 'अपराधी' समझकर जमकर पीटा गया, जिसमें दो दारोगा घायल हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज कर कुख्यात समेत 5 को दबोचा।
बिहार के जमुई जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरमा यादव टोला में सोमवार को पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस की एक विशेष टीम कुख्यात अपराधी ढेबू यादव को गिरफ्तार करने पहुंची थी, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने पुलिसकर्मियों को ही अपराधी समझकर उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान जमकर हुई मारपीट में दो दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक का सिर फट गया है। सभी घायलों का इलाज फिलहाल सदर अस्पताल में चल रहा है।
अपराधी की चाल: शोर मचाकर भीड़ को उकसाया
जानकारी के अनुसार, आरोपी ढेबू यादव लूट और हत्या जैसे कई संगीन मामलों में वांछित है। पुलिस को उसका सटीक लोकेशन मिला था, जिसके बाद टीम सादे लिबास में उसे दबोचने पहुंची थी। खुद को फंसता देख शातिर अपराधी ने 'अपराधी-अपराधी' चिल्लाकर शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण जुट गए और बिना सच्चाई जाने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। भीड़ के उग्र होने के कारण पुलिस टीम वहां फंस गई और उनकी बेरहमी से पिटाई की गई।

अतिरिक्त पुलिस बल का लाठीचार्ज और गिरफ्तारी
हालात बेकाबू होते देख तुरंत अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। खुद को घिरा पाकर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद हमलावर भीड़ वहां से तितर-बितर हुई। पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी ढेबू यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जो स्वयं भी इस झड़प में घायल बताया जा रहा है। घायलों में सुनील कुमार, विक्रम कुमार और रणवीर कुमार शामिल हैं, जिन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई है।

एसडीपीओ का बयान और कानूनी कार्रवाई
इस मामले पर एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में कुख्यात ढेबू यादव समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिसकर्मियों के बयान पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमला करने की धाराओं के तहत अलग से प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
रिपोर्ट- जमुई से सुमित सिंह