Bankipur Bypoll : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले जन सुराज का गंभीर आरोप, पुलिस पर लगाया कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी का आरोप
Bankipur Bypoll : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मतदान से एक दिन पूर्व जन सुराज ने पुलिस पर कार्यकर्ताओं को उठाने का आरोप लगाया है. पार्टी की ओर से इसकी शिकायत की गयी है.....पढ़िए आगे
PATNA : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान जन सुराज पार्टी ने पुलिस और प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का गंभीर आरोप लगाया है। पार्टी की ओर से 182 बांकीपुर विधानसभा के पुलिस पर्यवेक्षक को एक आधिकारिक पत्र सौंपकर आरोप लगाया गया है कि चुनाव से ठीक पहले जन सुराज के प्रमुख कार्यकर्ताओं को लगातार हिरासत में लिया जा रहा है। इस संबंध में पार्टी के निर्वाचन अभिकर्ता अजय द्विवेदी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त और मुख्य चुनाव अधिकारी को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है।
जन सुराज द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि पटना में अपने परिजनों से मिलने या अन्य निजी व पार्टी कार्यों से आए कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। पत्र के अनुसार, जक्कनपुर थाना क्षेत्र से प्रत्यूष पूर्व और मोतिहारी निवासी अभय शर्मा को पुलिस द्वारा उठाया गया है। वहीं खगड़िया निवासी वरुण कुमार को पीरबहोर थाना पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की बात कही गई है।
पार्टी ने पत्र में यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया है कि विकास सिंह, अमीर इम्तियाज, मनीष झा और सुदर्शन मिश्रा को स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा नाटकीय ढंग से उठाया गया है। जन सुराज का दावा है कि ये सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता निष्पक्ष तरीके से चुनावी गतिविधियों से जुड़े हुए थे, लेकिन प्रशासन द्वारा दुर्भावनापूर्ण और एकतरफा कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया गया है।
पार्टी के निर्वाचन अभिकर्ता अजय द्विवेदी ने पत्र के माध्यम से पुलिस पर्यवेक्षक से इस पूरे मामले का त्वरित संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। जन सुराज ने मांग की है कि निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को तुरंत आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और हिरासत में लिए गए पार्टी कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई या स्पष्ट स्थिति सामने लाई जाए।
इस पत्र की प्रतियां बिहार के मुख्य चुनाव पदाधिकारी, बांकीपुर विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी और नई दिल्ली स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त को भी उचित कार्रवाई हेतु भेजी गई हैं। उपचुनाव से ठीक पहले जन सुराज द्वारा लगाए गए इन आरोपों के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, वहीं प्रशासन की ओर से मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।