Bihar News : पीएमसीएच के नए भवन की व्यवस्थाओं को परखने पहुंचे हेल्थ सेक्रेटरी कुमार रवि, कहा— 'मरीजों की सुविधा के लिए परिसर में लगें संकेतक बोर्ड'
Bihar News : बिहार स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने गुरुवार को राज्य के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थान, पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का औचक निरीक्षण किया.......पढ़िए आगे
PATNA : गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में वरिष्ठ चिकित्सकों, विभागाध्यक्षों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में पीएमसीएच के नए भवन में चल रही व्यवस्थाओं, चिकित्सा सेवाओं, मानव संसाधन, मरीज सुविधाओं तथा भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक के दौरान कुमार रवि ने कहा कि पीएमसीएच बिहार की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थाओं में से एक है। उन्होंने नए भवन में विभिन्न विभागों की शिफ्टिंग, रेडियोलॉजी विभाग के स्थानांतरण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पीएमसीएच का नया भवन काफी बड़ा और आधुनिक है, ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरे परिसर में स्पष्ट और मानकों के अनुरूप साइनेज (संकेतक बोर्ड) लगाए जाने चाहिए, ताकि लोगों को विभागों और सेवाओं तक पहुंचने में आसानी हो।
उन्होंने कहा कि 5462 बेड क्षमता वाले इस अस्पताल का सफल संचालन केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है। इसके लिए साफ-सफाई, रखरखाव, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा, लिफ्ट संचालन, वातानुकूलन (एयर कंडीशनिंग) तथा अन्य सहायक सेवाओं का प्रभावी प्रबंधन भी बेहद आवश्यक है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को इन सभी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। बैठक में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता पर भी चर्चा हुई।
कुमार रवि ने कहा कि मेडिकल ऑफिसरों और सीनियर रेजिडेंट चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग आवश्यक कदम उठा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पीएमसीएच को प्राथमिकता के आधार पर मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों से समय पर उपस्थित रहने, सेवा भावना के साथ कार्य करने और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पीएमसीएच की पहचान आम लोगों के अस्पताल के रूप में है, जहां जटिल से जटिल बीमारियों का उपचार किया जाता है। बैठक से पूर्व कुमार रवि ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अस्पताल के मरीजों को स्वच्छ पेय जल उपलब्ध कराने के लिए वाटर फिल्टर प्लांट को दुरुस्त ऱखने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने पीकू (PICU) और नीकू (NICU) वार्ड का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने एल एंड टी तथा बीएमएसआईसीएल के अधिकारियों को पीएमसीएच के नये भवन और परिसर में साफ-सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। बैठक में बीएमएसआईसीएल के प्रबंध निदेशक मनीष पांडे, अरविंद वर्मा, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, बीएसएसएस, पीएमसीएच के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह, पीएमसीएच के प्राचार्य डॉ नरेंद्र प्रताप सिंह सहिंत अन्य वरिष्ठ चिकित्सक, विभागाध्यक्ष, अस्पताल प्रशासन के अधिकारी तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।