Lalu Yadav: लालू सिंगापुर रवाना! किडनी ट्रांसप्लांट के बाद फिर डॉक्टरों की निगरानी में लालू, कोर्ट से मिली विदेश यात्रा की इजाजत

Lalu Yadav: राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज एक बार फिर सिंगापुर के लिए रवाना हो रहे हैं।...

Lalu Yadav Leaves for Singapore for Medical Checkup
लालू फिर सिंगापुर रवाना!- फोटो : reporter

Lalu Yadav:  राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव आज एक बार फिर सिंगापुर के लिए रवाना हो रहे हैं। यह दौरा पूरी तरह उनके स्वास्थ्य और पोस्ट किडनी ट्रांसप्लांट रूटीन मेडिकल चेकअप को लेकर तय किया गया है। दिल्ली की अदालत से विदेश यात्रा की मंजूरी मिलने के बाद उनके सिंगापुर दौरे का रास्ता साफ हो गया। लालू यादव लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं, ऐसे में उनका यह दौरा राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

दरअसल, किडनी ट्रांसप्लांट के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हर तीन महीने पर नियमित मेडिकल चेकअप कराने की सलाह दी थी। लेकिन पिछले करीब एक साल से उनका रूटीन चेकअप नहीं हो पाया था। अब डॉक्टरों की सलाह पर वे दोबारा सिंगापुर जा रहे हैं, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी विस्तृत जांच करेंगे और आगे के इलाज को लेकर परामर्श देंगे।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान पिता की सेहत को लेकर जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि पिताजी का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था और डॉक्टरों ने समय-समय पर जांच कराने की सलाह दी थी। लेकिन व्यस्तताओं और अन्य कारणों से जांच नहीं हो सकी। इसी वजह से अब उन्हें सिंगापुर ले जाया जा रहा है।

तेजस्वी यादव ने यह भी बताया कि लालू यादव की आंख का ऑपरेशन भी हुआ था, लेकिन अब भी उन्हें आंखों से जुड़ी दिक्कतें बनी हुई हैं। ऐसे में डॉक्टरों की निगरानी में उनका पूरा स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। परिवार और पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।

लालू यादव के सिंगापुर रवाना होने की खबर के बाद आरजेडी समर्थकों में दुआओं और चिंता का माहौल है। बिहार की सियासत में लालू यादव आज भी एक बड़ा चेहरा माने जाते हैं और उनकी तबीयत से जुड़ी हर खबर राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर देती है। अब सभी की निगाहें उनके मेडिकल रिपोर्ट और स्वास्थ्य अपडेट पर टिकी हुई हैं।