Bihar Budget Session: अनिश्चित काल के लिए स्थगित हुआ विधान परिषद, सभापति ने सभा सदस्यों को दी होली की शुभकामनाएं
Bihar Budget Session: बिहार विधान परिषद को अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया है। सभापति ने सभी सदस्यों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया।
Bihar Budget Session: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। आखिरी दिन कई मुद्दों पर बहस हुआ। वहीं अब विधानपरिषद अनिश्चित काल के लिए स्थगित हो गया है। सभापति अवेधश नरायण सिंह ने सभी सदस्यों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सदन को अनिश्चित काल के स्थगित कर दिया।
विधान परिषद् के 212वें सत्र का समापन
बिहार विधान परिषद् 212वें सत्र के समापन अवसर पर सभापति ने कहा कि, आज बिहार विधान परिषद् के 212वें सत्र का समापन हो रहा है। इस सत्र में कुल 19 बैठकें आयोजित हुईं। इस सत्र के लिए कुल 1190 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 1024 प्रश्न स्वीकृत किए गए। कुल 273 प्रश्नों के उत्तर दिए गए। वर्तमान सत्र के लंबित प्रश्नों को आगामी सत्र में सदन की मेज पर रखने हेतु मैं सरकार से अनुशंसा करता हूं।
179 सूचनाएं हुई प्राप्त
ध्यानाकर्षण के अंतर्गत कुल 179 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें से 103 सूचनाएं सदन के कार्यक्रम पर लाने हेतु स्वीकृत की गईं। 80 सूचनाएं उत्तरित हुईं, 7 व्यपगत हुईं तथा 15 सूचनाएं प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति को विचारार्थ सुपुर्द की गईं। शून्यकाल के अंतर्गत कुल 157 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 67 स्वीकृत और 90 अस्वीकृत की गईं। 7 सूचनाएं व्यपगत हुईं तथा 13 स्वीकृत सूचनाएं शून्यकाल समिति को विचारार्थ भेजी गईं।
232 स्वीकृत तथा 13 अस्वीकृत
निवेदन के अंतर्गत कुल 245 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें से 232 स्वीकृत तथा 13 अस्वीकृत की गईं। सभी स्वीकृत निवेदनों को सदन की सहमति से निवेदन समिति को संदर्भित किया गया। नेवा के माध्यम से इस सत्र के लिए अल्पसूचित प्रश्नों की 488 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 420 सूचनाएं स्वीकृत कर विभागों को भेजी गईं। 304 सूचनाएं कार्यसूची पर लाई गईं तथा 232 प्रश्न उत्तरित हुए। तारांकित प्रश्नों की 891 सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 745 सूचनाएं स्वीकृत कर विभाग को प्रेषित की गईं। 474 सूचनाएं कार्यसूची पर लाई गईं।
सत्र की सार्थकता
इस सत्र के दौरान माननीय सदस्यों ने अपने संसदीय दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसामान्य की समस्याओं के समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। सदन में महत्वपूर्ण विषयों पर हुए वाद-विवाद में सक्रिय सहभागिता के लिए मैं सभी माननीय सदस्यों को हार्दिक बधाई देता हूं। सदन को मर्यादित एवं अनुशासित ढंग से संचालित करने में सहयोग देने के लिए सभी दलों के नेताओं एवं सदस्यों के प्रति मैं आभार व्यक्त करता हूं।
इस सत्र में पारित विधेयक
वर्तमान सत्र में निम्नलिखित विधेयक पारित किए गए। जिनमें बिहार विनियोग विधेयक, 2026, बिहार विनियोग (संख्या-2) विधेयक, 2026, बिहार तकनीकी सेवा आयोग (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार कर्मचारी चयन आयोग (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार नगरपालिका (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार सिविल न्यायालय विधेयक, 2026, बिहार सचिवालय सेवा (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार सूक्ष्म वित्त संस्थाएं (धन उधार विनियमन एवं प्रपीड़क कार्रवाई निवारण) विधेयक, 2026, बिहार निजी व्यावसायिक शैक्षणिक संस्थान (नामांकन विनियमन एवं शुल्क निर्धारण) विधेयक, 2026, बिहार अधिवक्ता कल्याण निधि (संशोधन) विधेयक, 2026, बिहार जन विश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक, 2026 और बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड (संशोधन) विधेयक, 2026 हैं।
पटना से वंदन की रिपोर्ट