Bihar Thunderstorm: ठनका गिरने से 9 की मौत, बिहार में आसमानी आफत का कहर, बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, कई जिलों में जनजीवन बेहाल

Bihar Thunderstorm: बिहार में मानसून की बारिश जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दे रही है, वहीं दूसरी ओर आसमानी आफत ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। ...

Lightning Strike Kills 9 in Bihar Several Districts Hit
ठनका गिरने से 9 की मौत- फोटो : social Media

Bihar Thunderstorm: बिहार में मानसून की बारिश जहां लोगों को गर्मी और उमस से राहत दे रही है, वहीं दूसरी ओर आसमानी आफत ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आकाशीय बिजली यानी ठनका गिरने की घटनाओं में 9 लोगों की मौत हो गई है। नालंदा में सबसे ज्यादा तीन लोगों की जान गई, जबकि छपरा और सीवान में दो-दो तथा बक्सर और रोहतास में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। हादसों के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

सबसे दर्दनाक घटनाएं खेतों में काम करने के दौरान हुईं। सारण जिले के कोपा इलाके में धान की रोपनी कर रहे दो लोगों की ठनका गिरने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं सम्हौता में भी एक किशोर की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई। अचानक गिरी बिजली ने पलभर में परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया।

सीवान जिले में भी ठनका ने कहर बरपाया। किशुनबाड़ी गांव में धान की रोपनी के दौरान एक महिला की मौत हो गई, जबकि सिसवन के मोरवन गांव में खेत में काम कर रहे किसान की जान चली गई। बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नारायणपुर में किसान विजय सिंह की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं रोहतास के सरांव रामगढ़ टोला में रविवार को ठनका गिरने से एक किसान की जिंदगी खत्म हो गई।

इधर, बारिश ने भी कई जिलों में परेशानी बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों के दौरान किशनगंज और पटना जिले के कुछ इलाकों में अति भारी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अररिया, वैशाली, लखीसराय, पूर्णिया, गया, बेगूसराय, नालंदा, औरंगाबाद और सारण के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। लगातार बारिश के कारण बगहा के कई गांवों में पानी घुस गया है। बक्सर में कुछ घंटे की तेज बारिश के बाद सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और लोग घुटने भर पानी के बीच आवाजाही करने को मजबूर हैं। सीवान सदर अस्पताल परिसर में भी बारिश का पानी जमा हो गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी उठानी पड़ी।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश और वज्रपात को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। खासकर किसानों से मौसम की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए खेतों में काम करने की अपील की गई है। बिहार में एक ओर मानसून की फुहारें खेतों के लिए वरदान साबित हो रही हैं, वहीं दूसरी ओर ठनका और जलजमाव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के इस दौर में सावधानी और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।