Rathyatra 2026 : पटना में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की मची धूम, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खींची रथ की रस्सी, खुद लगाया झाड़ू

Rathyatra 2026 : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना भव्य रथ यात्रा कार्यक्रम का आगाज किया। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र की महाआरती करने के बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से रथ यात्रा मार्ग की सफाई के लिए स्वयं झाड़ू लगाया।

Rathyatra 2026 : पटना में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की मची धूम
रथयात्रा की धूम - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार की राजधानी पटना में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई. इस पावन अवसर पर सूबे के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने बुद्ध मार्ग स्थित प्रसिद्ध इस्कॉन (अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ) मंदिर और गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी में आयोजित रथ यात्रा कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के हाथों रथ यात्रा की शुरुआत होने से श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया। 

सबसे पहले मुख्यमंत्री बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दीप प्रज्वलित कर भव्य रथ यात्रा कार्यक्रम का आगाज किया। भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र की महाआरती करने के बाद मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से रथ यात्रा मार्ग की सफाई के लिए स्वयं झाड़ू लगाया। इसके बाद उन्होंने 'जय जगन्नाथ' के जयघोष के बीच रथ की रस्सी खींचकर यात्रा को रवाना किया। इस मौके पर इस्कॉन मंदिर प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष रमन मनोहर दास ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र, पुष्पमाला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।  

इस्कॉन मंदिर के बाद मुख्यमंत्री गर्दनीबाग ठाकुरबाड़ी पहुंचे, जहां बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद की ओर से रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया था। वहां भी मुख्यमंत्री ने उसी श्रद्धा भाव के साथ भगवान जगन्नाथ की विशेष पूजा-अर्चना और आरती की। गर्दनीबाग में भी मुख्यमंत्री ने रथ मार्ग पर खुद झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और फिर रथ खींचकर भगवान की यात्रा शुरू करवाई। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ से बिहार की सुख, शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। यहाँ धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष श्री रणबीर नंदन ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।  इस ऐतिहासिक और धार्मिक उत्सव के दौरान पटना की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा था। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और पूरे मार्ग को रंग-बिरंगे फूलों व लाइटों से सजाया गया था। 

इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए दूर-दराज से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिन्होंने रथ के दर्शन कर पुण्य कमाया।  इस भव्य आयोजन में बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और गणमान्य लोग भी शामिल हुए। समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधानसभा के सभापति अवधेश नारायण सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, उच्च शिक्षा सह विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक संजय सरावगी उपस्थित रहे। इनके अलावा विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुशवाहा, श्याम रजक सहित बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के सदस्य शायन कुणाल और भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।