बापू टावर में 'मगही महोत्सव 2.0' का शंखनाद, डॉ. प्रेम कुमार बोले- यह केवल उत्सव नहीं, जड़ों से जुड़ने का सांस्कृतिक आंदोलन है!

पटना में आयोजित 'मगही महोत्सव 2.0' में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, सचिव कुमार रवि और बॉलीवुड सितारों ने शिरकत की। मगही भाषा और संस्कृति के उत्थान पर हुआ बड़ा मंथन।

बापू टावर में 'मगही महोत्सव 2.0' का शंखनाद, डॉ. प्रेम कुमार
मगही महोत्सव 2.0 के उद्घाटन के दौरान दीप प्रज्ज्वलित करते डॉ. प्रेम कुमार और उपस्थित अतिथि।- फोटो : न्यूज4नेशन

Patna - : राजधानी के बापू टावर में शनिवार को दो दिवसीय 'मगही महोत्सव 2.0' का भव्य शुभारंभ हुआ। बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन करते हुए इसे मगध की अस्मिता और गौरव का प्रतीक बताया। मगही कनेक्शन द्वारा आयोजित इस समागम में राजनीति, कला, साहित्य और बॉलीवुड की हस्तियों ने शिरकत की, जिससे पूरा परिसर मगध की संस्कृति के रंग में सराबोर नजर आया।

"जड़ों से जुड़ने का माध्यम है मगही महोत्सव"

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मगही भाषा न केवल हमारी पहचान है, बल्कि यह एक समृद्ध विरासत को समेटे हुए है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा के प्रति जागरूक करना होगा। उन्होंने इसे एक सांस्कृतिक आंदोलन करार दिया। वहीं, पटना की मेयर सीता साहू ने भी मगही की मिठास की सराहना करते हुए कहा कि नगर निगम भाषा और संस्कृति के प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

चैती और ठुमरी की तान पर झूमे दर्शक

महोत्सव की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। गया घराने के प्रख्यात गायक पंडित सतीश शर्मा ने राग भैरवी और ठुमरी से समां बांध दिया। जब उन्होंने चैती के बोल— "सुतल सइयां के जगावे कोयलिया हो तोरी मीठी बोलिया" और कजरी "रसे रसे सावन रस बुंदिया" गाए, तो दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इसके साथ ही मगध के इतिहास और पर्यटन पर आधारित एक विशेष चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई, जो आकर्षण का केंद्र रही।

अकादमिक और औद्योगिक विकास पर मंथन

महोत्सव के विभिन्न सत्रों में मगही भाषा की चुनौतियों और भविष्य पर गंभीर चर्चा हुई। डॉ. दिलीप कुमार और डॉ. किरण कुमारी शर्मा ने कहा कि मगही का अध्ययन अब रोजगारपरक भी है। इसी क्रम में पृथ्वीराज सिंह की पुस्तक 'मगह देस है कंचनपुरी' का लोकार्पण किया गया। वहीं, 'मगध में उद्योग' विषय पर रूबन अस्पताल के डॉ. सत्यजीत सिंह और सीमेज के डॉ. नीरज अग्रवाल ने युवाओं को केवल नौकरी के पीछे न भागकर 'उद्यम' (Business) अपनाने की सलाह दी।

सचिव कुमार रवि का 'मगहिया' अंदाज

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण मुख्यमंत्री के सचिव (भवन निर्माण विभाग) कुमार रवि का संबोधन रहा। उन्होंने अपना पूरा भाषण शुद्ध मगही भाषा में देकर सबका दिल जीत लिया। कुमार रवि ने कहा, "मगही तभी समृद्ध होगी, जब हम घरों में भी इसका प्रयोग करेंगे।" उन्होंने 2025 के पहले संस्करण को याद करते हुए आयोजन समिति की सराहना की।

बॉलीवुड सितारों का जमावड़ा और लोक गायन

महोत्सव में पटना और मगध मूल के बॉलीवुड कलाकारों ने भी हिस्सा लिया। 'OMG 2' फेम आरुष वर्मा, एक्ट्रेस सुहानी सेठी, श्रुति वर्मा और फलक खान ने अपनी उपस्थिति से चार चांद लगाए। समाजसेवी मुकेश हिसारिया और इन्फ्लूएंसर रॉकी शर्मा ने भी विचार रखे। दिन का समापन सुप्रसिद्ध लोकगायिका चंदन तिवारी की मखमली आवाज में मगही गीतों के साथ हुआ, जिन्होंने अपनी गायकी से दर्शकों का मन मोह लिया।