पटना के मनीषा डेयरी पर बड़ी कार्रवाई: 20 किलो सड़ा पेड़ा, 650 किलो मैदा और औद्योगिक हाइड्रो जब्त, रसोईघर तीन दिन के लिए सील

राजधानी पटना में आम लोगों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने पटना के मनीषा डेयरी में छापेमारी कर भारी मात्रा में दूषित सामग्रियों को नष्ट करते हुए रसोईघर को सील कर दिया

पटना के मनीषा डेयरी पर बड़ी कार्रवाई: 20 किलो सड़ा पेड़ा, 65
पटना के मनीषा डेयरी पर बड़ी कार्रवाई- फोटो : रिपोर्टर

Patna : राजधानी पटना में आम लोगों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के अभियान के तहत खाद्य संरक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर पुनपुन स्थित मनीषा डेयरी, परसा बाजार में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक सामग्रियां पाई गईं, जिन्हें प्रशासन ने तुरंत जब्त कर नष्ट करा दिया। इस कार्रवाई से इलाके के अन्य खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया है।


बिना बैच नंबर और निर्माण तिथि के बिक रहा था सड़ा पेड़ा और दही

निरीक्षण दल को जांच के दौरान डेयरी से भारी मात्रा में अमानक और खराब खाद्य सामग्री मिली। अधिकारियों के अनुसार, मौके से बिना किसी बैच नंबर और निर्माण तिथि के 20 किलोग्राम सड़ा हुआ 'R.S. Gold Special Peda' तथा 10 किलोग्राम खराब दही बरामद किया गया, जिसे उपभोक्ताओं को परोसा जा रहा था। इन सभी सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। खुले मैदा और स्पेशल पेड़े के नमूने (Samples) संग्रहित कर जांच के लिए आधिकारिक खाद्य प्रयोगशाला में भेज दिए गए हैं।


प्रतिबंधित औद्योगिक 'हाइड्रो' रसायन के साथ 650-650 किलो मैदा और आटा जब्त

छापेमारी के दौरान सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि डेयरी परिसर से 1 किलोग्राम औद्योगिक उपयोग वाला खतरनाक 'हाइड्रो' रसायन भी बरामद किया गया, जिसका उपयोग खाद्य पदार्थों में नहीं किया जा सकता। इसके अलावा, भारी मात्रा में अनियमित पाए गए 650 किलोग्राम मैदा और 650 किलोग्राम आटा को भी जब्त किया गया। जब्त की गई कुल सामग्रियों का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 52,000 रुपये बताया गया है।


साफ-सफाई की भारी कमी और लाइसेंस का अभाव, रसोईघर तीन दिनों के लिए बंद

जांच के दौरान प्रतिष्ठान में गंभीर प्रशासनिक और स्वास्थ्य संबंधी खामियां पाई गईं। डेयरी संचालक द्वारा मौके पर कोई वैध खाद्य लाईसेंस प्रस्तुत नहीं की गई। इसके अतिरिक्त, रसोईघर में साफ-सफाई की भारी कमी, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्रों का अभाव तथा कीट नियंत्रण (Pest Control) की कोई व्यवस्था नहीं पाई गई। खाद्य सुरक्षा मानकों के इस गंभीर उल्लंघन को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए मनीषा डेयरी के रसोईघर को आगामी तीन दिनों के लिए पूरी तरह बंद (सील) करा दिया है।