पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार और शराब के साथ दो गिरफ्तार, दो पिस्टल व दो कट्टा बरामद

पटना पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दीघा थाना क्षेत्र से हथियार के साथ दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है.....

पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध हथियार और शराब के साथ दो ग
अवैध हथियार और शराब के साथ दो गिरफ्तार- फोटो : अनिल कुमार

Patna : पटना जिले में अपराध नियंत्रण, अवैध हथियार, मादक पदार्थ और अवैध शराब की बरामदगी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) तथा नगर पुलिस अधीक्षक (मध्य) के निर्देशानुसार मध्य क्षेत्र के सभी थानों में विशेष समकालीन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पटना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।


रामजीचक बाटागंज में अवैध हथियार छिपाकर रखने की मिली थी सूचना

शुक्रवार को दीघा थानांतर्गत रामजीचक बाटागंज के रहने वाले कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कट्टा, पिस्टल तथा गोलियां अपने पास रखने की गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। इस सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (विधि व्यवस्था-02), पटना एवं थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।


छापामारी के दौरान दो देशी पिस्टल, दो कट्टा और शराब बरामद

गठित पुलिस टीम ने निर्धारित ठिकानों पर त्वरित छापामारी करते हुए मौके से भारी मात्रा में आग्नेयास्त्र और शराब बरामद की। पुलिस ने कुल 02 देशी पिस्टल, 02 देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस के साथ-साथ 02 बोतल (कुल 1.5 लीटर) विदेशी शराब भी सफलतापूर्वक जब्त कर ली है।


किसी बड़ी घटना को अंजाम देते उससे पहले दो अभियुक्त गिरफ्तार

पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए किसी भी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दिए जाने से पहले ही दो मुख्य अभियुक्तों को मौके से धर दबोचा। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान विकास और धीरज कुमार के रूप में की गई है, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।


आरोपियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई जारी, अभियान रहेगा जारी

पटना पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रतर विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने और अवैध हथियारों के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी 


अनिल की रिपोर्ट