बाढ़ में पुलिस और उत्पाद टीम की बड़ी कार्रवाई: 30 लाख की विदेशी शराब के साथ ट्रक जब्त

बाढ़ में पुलिस और उत्पाद टीम की बड़ी कार्रवाई: 30 लाख की विद
बाढ़ में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद- फोटो : रवि शंकर

Patna : पटना के बाढ़ अनुमंडल की ई० आई० बी० (EIB) टीम को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बाढ़ उत्पाद टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घोसवरी थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। मोकामा-शेखपुरा रोड स्थित शिव शक्ति लाइन होटल के समीप यह छापेमारी की गई, जहाँ से अवैध शराब की एक बड़ी खेप बरामद की गई।


ट्रक से 2664 लीटर विदेशी शराब बरामद

कार्रवाई के दौरान मौके पर खड़ी एक संदेहास्पद ट्रक (रजिस्ट्रेशन नंबर HR 38 AC-4905) की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 298 कार्टन, यानी लगभग 2,664 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद की गई शराब की कुल बाजार कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।


झारखंड से लाकर समस्तीपुर में खपाने की थी योजना

प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि शराब की यह बड़ी खेप झारखंड से लाई गई थी। तस्करों की योजना इसे बिहार के समस्तीपुर जिले में ले जाकर अवैध रूप से खपाने की थी, लेकिन ई०आई०बी० और उत्पाद टीम की तत्परता से उनकी यह योजना विफल हो गई।


फरार तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज

मामले में शामिल शराब तस्करों की पहचान समस्तीपुर निवासी सुधीर कुमार, राजू राय एवं अन्य सहयोगियों के रूप में हुई है। घटना के समय आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। फरार तस्करों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने हेतु पूरे मामले को बाढ़ उत्पाद टीम को सौंप दिया गया है।


पुलिस कर रही छापेमारी

अवैध शराब की इस बड़ी खेप के तार कहाँ-कहाँ से जुड़े हैं, इसकी पड़ताल जारी है। फरार नामजद तस्करों की गिरफ्तारी के लिए उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


रवि शंकर की रिपोर्ट