Patna News: पटना के मनेर में सोन सोता में डूबे दो मासूम भाई, एक साथ उठी दो अर्थियों से गांव में मातम

मनेर थाना क्षेत्र के सादिकपुर गांव में सोन सोता में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई है। मृतकों की पहचान 10 वर्षीय डब्लू कुमार और 12 वर्षीय बबलू कुमार के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।

maner two brothers died in water
मनेर में दर्दनाक हादसा, सोन सोता में नहाने गए दो सगे भाइयों की डूबने से मौत- फोटो : news 4 nation

पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र के सादिकपुर गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सादिकपुर बांध के उत्तर स्थित सोन सोता में नहाने गए दो मासूम सगे भाइयों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे इलाके में मातम छा गया है।

मृतकों की पहचान और परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतकों की पहचान सादिकपुर निवासी चंदन कुमार पासवान के 10 वर्षीय पुत्र डब्लू कुमार और 12 वर्षीय पुत्र बबलू कुमार के रूप में हुई है। चंदन कुमार के पास केवल यही दो संतानें थीं। एक साथ अपने दोनों बेटों को खो देने के कारण माता-पिता और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जिससे उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

कैसे हुआ हादसा: गहरे पानी में जाने से गई जान

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भाई अपने एक अन्य दोस्त के साथ सोन सोता में नहाने गए थे। बाढ़ के कारण सोन सोता के गड्ढे में काफी पानी भरा हुआ था। नहाने के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख वहां अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने शोर सुनकर तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

पुलिस की कार्रवाई और शवों का पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को पानी से बाहर निकलवाया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।